[ad_1]
हिसार। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे 24 अप्रैल से विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन शुरू कर रहा है। यह ट्रेन फिरोजपुर (पंजाब) से चलकर हिसार स्टेशन पर पांच मिनट के ठहराव के साथ आगे रवाना होगी। 12 रात और 13 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर (तिरुपति), रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी अम्मन मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर (मार्कापुर, श्रीशैलम क्षेत्र) सहित दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) की ओर से संचालित इस विशेष ट्रेन के माध्यम से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिलेगा। शनिवार को हिसार पहुंचे आईआरसीटीसी के चंडीगढ़ क्षेत्रीय संयुक्त महाप्रबंधक हर्षदीप ने बताया कि ट्रेन 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे फिरोजपुर से रवाना होगी और दोपहर एक बजे हिसार पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन एक बजकर पांच मिनट पर आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया 35,995 रुपये
यात्रा के लिए दो श्रेणियों में पैकेज निर्धारित किए गए हैं। स्टैंडर्ड श्रेणी में प्रति यात्री 35,995 रुपये तथा बच्चों के लिए 32,395 रुपये किराया तय किया गया है। वहीं कंफर्ट श्रेणी में प्रति यात्री 41,750 रुपये और बच्चों के लिए 37,575 रुपये निर्धारित किए गए हैं। पैकेज में 12 रात और 13 दिन की यात्रा के दौरान होटल में ठहराव, एसी बस से तीर्थ स्थलों तक लाने-ले जाने की सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाएं शामिल होंगी।
इन स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
फिरोजपुर, बठिंडा, सिरसा, हिसार जंक्शन, जाखल, धूरी, लुधियाना जंक्शन, एसएएस नगर (मोहाली), चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन पर ठहराव होगा। ट्रेन का अंतिम ठहराव झांसी स्टेशन पर होगा।
[ad_2]
Hisar News: भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 24 अप्रैल से, दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों के दर्शन का अवसर



