[ad_1]
तेल अवीव/तेहरान2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरानी मीडिया तसनीम और फार्स समाचार एजेंसियों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की पुष्टि की है। खामेनेई की बेटी, दामाद, पोती और बहू भी इजराइली हमलों में मारे गए हैं। हालांकि, ईरानी सरकार ने इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खामेनेई की मौत का दावा किया था। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा-
इतिहास के सबसे क्रूर व्यक्तियों में से एक खामेनेई मारा गया। यह ईरान की जनता के साथ-साथ अमेरिका और दुनियाभर के देशों के लिए न्याय है।

CNN से बात करते हुए इजराइली अधिकारियों ने दावा किया कि उनके पास खामेनेई के शव की तस्वीर है, जिसे मलबे से बरामद किया गया है। इजराइल और अमेरिका ने जॉइंट अटैक में खामेनेई के घर को पूरी तरह तबाह कर दिया है।
दरअसल, इजराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान में राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमला किया। ईरान ने भी इजराइल पर पलटवार करते हुए जवाबी हमले किए।
इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग से जुड़ी 7 तस्वीरें…

यह तस्वीर सुप्रीम लीडर खामेनेई के घर पर हुए हमले की है, जिसे सेटेलाइट से लिया गया है। हमले के बाद घर मलबे में तब्दील हुआ नजर आ रहा है। (सोर्स-NYT)

इजराइल के तेल अवीव में मिसाइल के टकराने से जोरदार विस्फोट हुआ।

तेल अवीव में ईरानी मिसाइल हमले के बाद क्षतिग्रस्त अपार्टमेंट से लोग जान बचाकर बाहर भागते हुए।

ईरानी हमले में तेल अवीव में कई गाड़ियां जल कर राख हो गईं। एक दमकलकर्मी हमले के बाद जलती हुई कार को बुझाता हुआ।

ईरानी हमले के बाद इजराइल के एक इलाके में 4 फीट गहरा गड्ढा बन गया।

ईरान की राजधानी तेहरान में सुप्रीम लीडर खामेनेई के घर के पास हमला हुआ।दावा किया गया कि हमले के बाद खामेनेई को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया गया है।

ईरान में इजराइली हमले के बाद कई लोग मलबे में दब गए, जिन्हें बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाला गया।
अयातुल्ला अली खामेनेई के बारे में जानिए…
- अयातुल्ला अली खामेनेई का जन्म 19 अप्रैल 1939 को ईरान के धार्मिक शहर मशहद में एक मौलवी परिवार में हुआ था। वे खोमैनी शाह की नीतियों के खिलाफ थे और इस्लामी शासन की वकालत करते थे।
- 1963 में शाह के खिलाफ भाषण देने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया। धीरे-धीरे वे सरकार विरोधी आंदोलन का बड़ा चेहरा बन गए और खोमैनी के भरोसेमंद सहयोगी माने जाने लगे।
- 1979 में ईरान में इस्लामी क्रांति हुई और शाह की सरकार गिर गई। खोमैनी देश लौटे और नई इस्लामी सरकार बनाई। खामेनेई को क्रांतिकारी परिषद में जगह मिली और बाद में उप रक्षामंत्री बनाया गया।
- 1981 में तेहरान की एक मस्जिद में भाषण के दौरान खामेनेई पर बम हमला हुआ। उसी साल एक और बम धमाके में तत्कालीन राष्ट्रपति की मौत हो गई। इसके बाद हुए चुनाव में खामेनेई भारी बहुमत से जीतकर ईरान के तीसरे राष्ट्रपति बने।
- 1989 में खोमैनी के निधन के बाद खामेनेई को देश का सर्वोच्च नेता यानी ‘रहबर’ बनाया गया। इसके लिए संविधान में बदलाव भी किया गया। समर्थक उन्हें इस्लामी व्यवस्था का मजबूत रक्षक मानते हैं, जबकि आलोचक उन पर सख्त और कट्टर शासन चलाने का आरोप लगाते हैं।
खामेनेई की 3 तस्वीरें…

1981 में हत्या की कोशिश के बाद घायल खामेनेई को दक्षिणी तेहरान के बहारलू हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था।

ईरान की इस्लामिक क्रांति के एक प्रोटेस्ट में खामेनेई।

1980 में तेहरान यूनिवर्सिटी के बाहर बैठे खामेनेई। वो अपनी सादगी के लिए जाने जाते थे।
ईरान में 200 लोगों की मौत, 740 घायल
शनिवार रात ईरान की राजधानी तेहरान और उसके आसपास कई स्थानों पर हमले हुए थे। ईरानी सरकारी मीडिया ने राजधानी में कई धमाकों की पुष्टि की थी।
ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों से अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने दी है।
ईरान के एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 85 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 घायल हैं। इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर किए हमले में 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया।

ईरान का पलटवार- इजराइल समेत 9 देशों पर हमला
अमेरिका और इजराइल के हमले के जवाब में ईरान ने भी ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इन हमलों में इजराइल समेत मिडिल-ईस्ट के 9 देशों को निशाना बनाया गया।
ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं और कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब व UAE में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, ईरान ने UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमला किया।
ईरान ने दुबई के पाम होटल एंड रिसोर्ट और बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला किया। इसके अलावा बहरीन में कई रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया।

ईरान-इजराइल के बीच विवाद
1. न्यूक्लियर प्रोग्राम: अमेरिका को शक है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर सकता है। इसी वजह से उसने कई बार उस पर पाबंदियां लगाईं। ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम सिर्फ बिजली बनाने और वैज्ञानिक रिसर्च के लिए है, हथियार बनाने के लिए नहीं। 2. बैलिस्टिक मिसाइल मुद्दा: परमाणु समझौते की बातचीत में ईरान का मिसाइल प्रोग्राम सबसे बड़ा अड़ंगा बना हुआ है। ईरान साफ कहता है कि उसकी बैलिस्टिक मिसाइलें उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी हैं और इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा। वह इसे अपनी “रेड लाइन” मानता है। 3. इजराइल को लेकर टकराव: अमेरिका, इजराइल का सबसे बड़ा समर्थक है। वहीं ईरान इजराइल का खुलकर विरोध करता है और उस पर क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाता है। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ जाता है। 4. मिडिल ईस्ट में दखल: अमेरिका का आरोप है कि ईरान इराक, सीरिया, लेबनान और यमन जैसे देशों में अपने समर्थक गुटों को मदद देकर अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। ईरान कहता है कि वह अपने हितों और सहयोगियों की रक्षा कर रहा है। 5. आर्थिक पाबंदियां: अमेरिका ने ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे उसकी अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है। इसके जवाब में ईरान भी कभी अपने परमाणु कार्यक्रम को तेज करने या सख्त बयान देने जैसे कदम उठाता है।
इजराइल-ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे बन सकते हैं सुप्रीम लीडर
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई ने अपने दूसरे बेटे मुजतबा खामेनेई को साल 2024 में उत्तराधिकारी बनाया था। खामेनेई ने बीमारी के चलते यह फैसला लिया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान की एक्सपर्ट असेंबली ने 26 सितंबर 2024 को ही नए सुप्रीम लीडर का चुनाव कर लिया था। खुद खामेनेई ने असेंबली के 60 सदस्यों को बुलाकर गोपनीय तरीके से उत्तराधिकारी पर फैसला लेने कहा था। असेंबली ने सर्वसम्मति से मुजतबा के नाम पर सहमति जताई थी।
अब खामेनेई की मौत की खबर के बाद मुजतबा सुप्रीम लीडर के दावेदार के तौर पर सामने आ सकते हैं।

22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में जश्न का माहौल
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत की खबर के बाद ईरान के अलग-अलग इलाकों में जश्न मनाने की खबरें सामने आई है।
रिपोर्ट्स से पता चलता है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में जश्न मनाया जा रहा है। ईरानी एक्टिविस्ट और जर्नलिस्ट, मसीह अलीनेजाद ने ऐसा ही एक वीडियो इस मैसेज के साथ पोस्ट किया, “ईरान के अंदर जश्न मनाते ईरानी लोगों का एक वीडियो, क्या मैं सपना देख रहा हूं?हैलो, न्यू वर्ल्ड”


28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दावा- ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक
ईरानी मीडिया का दावा ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
इसके अलावा सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की भी घोषणा की गई।
39 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरानी मीडिया का दावा- अली खामेनेई मारे गए
तसनीम और फार्स समाचार एजेंसियों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की पुष्टि की है।
हालांकि, ईरानी सरकार ने इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
44 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- खामेनेई के बाद ईरान का नेतृत्व कौन करेगा, यह जानता हूं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी सीबीएस नेटवर्क को बताया कि ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान का नेतृत्व कौन करे, इस बारे में उनके पास एक विचार है।
उन्होंने कहा, ‘मुझे ठीक-ठीक पता है, लेकिन मैं अभी बता नहीं सकता। कुछ अच्छे उम्मीदवार हैं।’
50 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- 40 ईरानी अधिकारी मारे गए
अमेरिकी-इजरायली हमलों में लगभग 40 वरिष्ठ ईरानी अधिकारी मारे गए है। इजराइली मीडिया वाइनेट ने CBS के खुफिया और सैन्य सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
नेटवर्क ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि वे सभी एक ही स्थान पर थे या अलग-अलग स्थानों पर।
01:11 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
UN महासचिव बोले- ईरान पर हमला तनाव को बेकाबू कर सकता है
UN सुरक्षा परिषद की बैठक में महासचिव गुटेरेस ने अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ की गई कार्रवाई को आक्रामकता बताया। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर का अवैध उल्लंघन है। साथ ही ईरान की जवाबी कार्रवाई की भी निंदा की। महासचिव ने कहा कि यह तनाव बेकाबू हो सकता है।
ईरानी राजदूत ने कहा कि ये हमले परमाणु वार्ता के बीच हुए, जबकि अमेरिकी और इजरायली दूतों ने कहा कि बातचीत अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी थी और इसे जारी रखने का अब कोई मतलब नहीं है।
01:07 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत की खबर के बाद क्राउन प्रिंस ने लोगों से एकजुट होने को कहा
देश से निकाले गए क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी ने शनिवार को ईरानियों से एकजुट होने और सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद बदलाव का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से उत्तराधिकारी नियुक्त करने की कोई भी कोशिश नाकाम होगी।
खामेनेई की मौत की खबर के बाद रेजा पहलवी ने ईरानियों से एकजुट होने की अपील की
12:54 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान में दो विस्फोट हुए
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर ने राजधानी तेहरान में दो विस्फोटों की खबर दी है।
12:52 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
कई दिनों से सामने नहीं आए खामेनेई
86 साल के खामेनेई ईरान के कमांडर-इन-चीफ हैं। सभी पॉलिटिकल और धार्मिक मामलों में खामेनेई का ही फैसला आखिरी होता है। ईरान की पैरामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड, जो इस्लामिक रिपब्लिक की सुरक्षा करती है, सीधे उनके सामने जवाब देती है।
1989 में, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के फाउंडर रूहोल्लाह खुमैनी की मौत के बाद खामेनेई ईरान के सुप्रीम लीडर बने। 1979 की क्रांति में शाह मोहम्मद रजा पहलवी को हटाने वाले मूवमेंट में खामेनेई का अहम रोल था।
शनिवार को हुए हमलों में से एक खामेनेई के ऑफिस के पास हुआ था। हालांकि यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि उस समय खामेनेई कहां थे, उन्हें कई दिनों से नहीं देखा गया है।
12:43 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद किया
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने खाड़ी क्षेत्र में मौजूद जहाजों को हाई-फ्रीक्वेंसी रेडियो संदेश भेजे। इनमें जहाजों को इस णनीतिक समुद्री मार्ग से न गुजरने की चेतावनी दी गई।
होर्मुज स्ट्रेट ग्लोबल तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग माना जाता है। यह एक संकरा जलमार्ग है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से और आगे अरब सागर से जोड़ता है।
इसके उत्तर में ईरान सटा है। दक्षिण में ओमान और संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE है। इसके आसपास सभी तेल उत्पादक देश हैं। इसलिए इस जलीय रास्ते से दुनियाभर में तेल की सप्लाई होती है।
होर्मुज स्ट्रेट करीब 167 किमी लंबा है। इसके दोनों मुहाने करीब 50 किमी चौड़े हैं, जबकि सबसे संकरा हिस्सा करीब 33 किमी चौड़ा है। इसमें आने-जाने वाले समुद्री ट्रैफिक के लिए 3 किमी चौड़ी शिपिंग लेन तय है।

12:42 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
चीन बोला- ट्रम्प शांति में सबसे बड़ी बाधा
अमेरिकी हमले के बाद दुनिया भर के कई देशों ने अमेरिका के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी है। चीन ने कहा है कि ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। ट्रम्प दुनिया भर की शांति में फिर से सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आए हैं।
रूस के विदेश मंत्री सरगेई लवारोव ने कहा, यह हमला बिना उकसावे के किया गया और अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों का उल्लंघन है। ईरान के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है।
संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने कहा है कि पहले शांति प्रयासों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। युद्ध का नहीं।
भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अराघची से बात की है। जयशंकर ने हालात पर चिंता जताई है।
12:42 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई 35 साल से ईरान की सर्वोच्च सत्ता पर काबिज
आयतुल्लाह अली खामेनेई 1989 में रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद से ईरान के सर्वोच्च नेता के पद पर काबिज हैं। ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान, जब शाह मोहम्मद रजा पहलवी को हटाया गया तो खामेनेई ने क्रांति में बड़ी भूमिका निभाई थी।
इस्लामिक क्रांति के बाद खामेनेई को 1981 में राष्ट्रपति बनाया गया। वह 8 साल तक इस पद पर रहे। 1989 में ईरान के सुप्रीम लीडर खुमैनी की मौत के बाद उन्हें उत्तराधिकारी बनाया गया।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक अयातुल्ला धर्मगुरू की एक पदवी है। ईरान के इस्लामिक कानून के मुताबिक, सुप्रीम लीडर बनने के लिए अयातुल्ला होना जरूरी है।
यानी कि सुप्रीम लीडर का पद सिर्फ एक धार्मिक नेता को ही मिल सकता है। लेकिन जब खामेनेई को सुप्रीम लीडर बनाने के लिए कानून में संसोधन किया गया था क्योंकि वे धार्मिक नेता नहीं थे।

—————————–
ये खबर भी पढ़ें…
इजराइल-ईरान जंग; दुबई में बुर्ज खलीफा के पास हमला:एयरपोर्ट बंद; एअर इंडिया की लंदन, टोरंटो, पेरिस, शिकागो उड़ानें रद्द, दुनियाभर की फ्लाइट्स पर असर

इजराइल-ईरान जंग के बीच मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं, जिसका असर दुबई से लेकर भारत तक दिखाई दे रहा है। दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ। पूरी खबर यहां पढ़ें…
[ad_2]
ईरानी मीडिया का दावा-अमेरिका-इजराइल हमले में सुप्रीम लीडर मारे गए: मलबे से शव मिला; ईरान बोला- खामेनेई के बेटी-दामाद, पोती-बहू की भी मौत



