[ad_1]
घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधी रात को लड़ाई झगड़े के मामले में मेडिकल करवाने आए दो पक्ष भिड़ गए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि आपातकालीन कक्ष के पट्टी कक्ष में ईंट-पत्थर चल गए। इससे पट्टी कक्ष का दरवाजा टूट गया और ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ का काम प्रभावित हुआ। झगड़े के बाद एसएमओ प्रशांत राणा ने थाना में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई और रात की ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की है।
सीएचसी घरौंडा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रशांत राणा ने घरौंडा थाना में दी शिकायत में बताया कि 25 फरवरी की रात करीब 12 बजकर 25 मिनट पर वार्ड नंबर 06 घरौंडा के आकाश लड़ाई-झगड़े में घायल होने के बाद कुछ अन्य लोगों के साथ एमएलआर कटवाने और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान गांव कोहंड का अनुज भी अपने साथियों के साथ मेडिकल करवाने के लिए आपातकालीन कक्ष में आ गया। दोनों पक्ष आमने-सामने हुए, तो पट्टी कक्ष में दोबारा झगड़ा शुरू हो गया।
शिकायत के अनुसार झगड़े के दौरान दोनों ओर से ईंट और पत्थर फेंके गए। इससे आपातकालीन कक्ष का दरवाजा टूट गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्टाफ का काम भी बाधित हुआ। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि दोनों पक्षों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली है।
सीएचसी घरौंडा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रशांत राणा ने पत्र में दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही कहा कि रात की ड्यूटी के दौरान चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी को आपातकालीन कक्ष में तैनात किया जाए।
अधिकारी के अनुसार
थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि एसएमओ की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
[ad_2]
Karnal: सीएचसी में दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर, एसएमओ बोले- अस्पताल में पुलिस सुरक्षा चाहिए



