[ad_1]
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-53 थाने की पुलिस ने होटल में भुगतान के फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर 6.17 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को 25 फरवरी को डीएलएफ फेज-5 से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयोग एक मोबाइल भी बरामद किया है। आरोपी ने अक्तूबर 2025 से 24 फरवरी तक 16 बार होटल में ठहरकर फर्जी भुगतान के स्क्रीनशॉट मैनेजर को दिखाए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुग्राम के सोहना निवासी हिमांशु (26) के रूप में हुई है। उसने एमसीए तक पढ़ाई की है। आरोपी हिमांशु से पूछताछ में पता चला कि वह माई फेम एप पर यूट्यूब चैनल को प्रमोट करने का काम करता है। उसने यूट्यूब पर फोन-पे की फर्जी एप्लिकेशन की वीडियो देखी थी। इसमें बताया गया था कि कैसे फोन-पे की फेक एप्लिकेशन बनाकर दूसरे व्यक्ति को रुपये भेजा हुआ दिखाई दिया जा सकता है।
आरोपी हिमांशु ने अपने मोबाइल में फोन-पे की फर्जी एपलिकेशन को इंस्टॉल किया। इस एप्लीकेशन में केवल स्कैनर काम करता है, बाकी सभी फिचर इनएक्टिव रहते है। हिमांशु अक्तूबर 2025 से 24 फरवरी 2026 तक डीएलएफ फेज-5 स्थित लाइम ट्री होटल्स सर्विस अपार्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड में बुकिंग करके कई ठहरा। इस दौरान हिमांशु ने 16 फर्जी ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट होटल मैनेजर के पास भेजकर 6.17 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
जांच अधिकारी व सेक्टर-53 थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी हिमांशु को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
[ad_2]
Gurugram News: 6.17 लाख की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार




