[ad_1]
– रुपये मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की दी धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी दिलाने और रजिस्ट्री कराने के नाम पर जालसाजों ने एक व्यक्ति से 15.85 लाख रुपये अलग-अलग बहाने से ले लिए। प्रॉपर्टी नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मंगलवार को दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मदनपुरी निवासी रवि सबरवाल ने दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 2025 में मई-जून के दौरान ऑनलाइन प्रॉपर्टी एप पर लॉगिन किया था। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक अनजान युवती ने कॉल कर विकास कपूर से संपर्क करने को कहा। आरोप है कि विकास कपूर ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर व प्रॉपर्टी का हिस्सेदार बताते हुए मदनपुरी गली नंबर-6 में एक प्रॉपर्टी दिखाने के लिए बुलाया। विकास कपूर के साथ एक अन्य व्यक्ति मोहित अरोड़ा भी मौजूद था।
प्रॉपर्टी मालिक के रूप में मुकेश छाबड़ा से उनकी मुलाकात कराई गई और प्रॉपर्टी को लेकर 53.50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। 3 जुलाई 2025 को इकरारनामा किया गया व बयाना के पांच लाख रुपये लिए। इसके साथ ही 30 सितंबर 2025 को रजिस्ट्री की तारीख निर्धारित हुई। आरोप है कि इकरारनामा होने के बाद विकास कपूर ने रजिस्ट्री के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रुपये लिए। 19 सितंबर 2025 को भी तीन लाख रुपये लिए।
रवि सबरवाल का आरोप है कि विकास कपूर ने 15.85 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब उन्होंने प्रॉपर्टी मालिक मुकेश छाबड़ा से विकास कपूर के बारे में पूछताछ की तो बताया गया कि वह उनका पार्टनर नहीं है। खांडसा रोड स्थित बताए गए कार्यालय पर भी पूछताछ में उसका कोई कार्यालय नहीं मिला। जब पीड़ित रवि सबरवाल ने विकास कपूर से रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि आरोपी विकास कपूर का पता निकाला गया है। एक-दो दिन में विकास कपूर से संपर्क करके बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले की छानबीन की जा रही है।
[ad_2]
Gurugram News: प्रॉपर्टी दिलाने के बहाने से 15.85 लाख रुपये की धोखाधड़ी


