[ad_1]
Sanju Samson Playing 11, IND vs ZIM: भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का अगला मुकाबला 26 फरवरी, गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलना है. मुकाबले से पहले बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने टीम इंडिया की प्लेइंग 11 पर बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए संजू सैमसन पर विचार किया जा रहा है.
संजू पर विचार होने से एक सवाल यह उठने लगा कि क्या चार पारियों में फ्लॉप होने वाले अभिषेक शर्मा को बेंच पर बैठा दिया जाएगा? बता दें कि अभिषेक ने चार पारियों में सिर्फ 15 रन बनाए हैं. ये रन उन्होंने सिर्फ चौथी पारी में बनाए, क्योंकि शुरुआती तीन पारियों में भारतीय ओपनर बिना खाता खोले ही आउट हो गए.
टॉप ऑर्डर में लेफ्ट हैंड के बल्लेबाज
बता दें कि भारत के टॉप ऑर्डर में सभी लेफ्ट हैंड बल्लेबाज हैं. ओपनिंग पर ईशान किशन और अभिषेक शर्मा आते हैं. फिर नंबर तीन पर तिलक वर्मा जिम्मेदारी संभालते हैं. इस पर बैटिंग कोच ने कहा कि हम बदलाव करने के बारे में सोच रहे हैं, क्योंकि ओपनिंग के अलावा तीसरे नंबर पर भी बाएं हाथ का बल्लेबाज है.
क्या बोले सितांशु कोटक?
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले सितांशु कोटक ने कहा, “इस बारे (संजू को प्लेइंग 11 में शामिल करने की) में बात हो रही है. हम अगले मैच में बदलाव करने के बारे में सोच रहे हैं क्योंकि दोनों ओपनर बाएं हाथ के हैं और नंबर तीन का बल्लेबाज भी बाएं हाथ का है. हम इस बारे में देखेंगे क्योंकि हम पहले टीम तय नहीं करते हैं. लेकिन मन में विचार जरूर आएंगे.”
संजू खेल चुके हैं एक मैच
गौरतलब है कि टूर्नामेंट में संजू सैमसन नामीबिया के खिलाफ एक मुकाबला खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 22 रनों की पारी खेली थी. हालांकि संजू भी बहुत अच्छी फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन अभिषेक को देखते उनका फॉर्म बेहतर ही नजर आता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की प्लेइंग 11 में क्या बदलाव होते हैं.
[ad_2]
जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू को मिलेगा मौका! अभिषेक की होगी छुट्टी? प्लेइंग 11 पर आया अपडेट

