[ad_1]
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा बुधवार को प्रदेश के 1431 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए बोर्ड ने 320 उड़नदस्तों का गठन किया है तथा परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में कुल 1431 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षाओं में लगभग 5,66,411 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे, जिनमें 2,96,593 लड़के और 2,69,818 लड़कियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डीएलएड (री अपीयर) की परीक्षाएं भी 25 फरवरी से शुरू होंगी, जिनमें 5,356 छात्र-अध्यापक परीक्षा देंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि परीक्षाओं की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है। केंद्रों के निकट फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। प्रश्न पत्रों पर अल्फा न्यूमेरिक कोड, क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर अंकित किए गए हैं। यदि कोई परीक्षार्थी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति प्रश्न पत्र की फोटो लेता है तो तुरंत पता चल जाएगा कि वह प्रश्न पत्र किस परीक्षार्थी का है और कहां से बाहर गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर लगाम लगाई जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि यदि किसी परीक्षा केंद्र से पेपर आउट होने का मामला सामने आता है तो संबंधित केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक और नकल में संलिप्त परीक्षार्थी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और अधिकांश परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। यह कदम पेपर लीक की संभावना समाप्त करने और परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए उठाया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष ने परीक्षार्थियों को सलाह दी कि वे तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करें, नियमित रूप से सिलेबस का पुनरावृत्ति करें और स्वस्थ दिनचर्या अपनाएं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ छोटे-छोटे विराम भी आवश्यक हैं, जो परीक्षा के तनाव को कम करने में सहायक होते हैं।
[ad_2]
Bhiwani News: प्रदेश के 1431 केंद्रों पर बारहवीं की अंग्रेजी की परीक्षा आज




