Sirsa News: कड़ी सुरक्षा के बीच बोर्ड की परीक्षाएं आज से Latest Haryana News

[ad_1]

सिरसा। जिलेभर में बुधवार से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। जिले में बनाए गए 79 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 हजार परीक्षार्थी 10वीं और 12वीं की परीक्षा देंगे। पहले दिन बुधवार को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी, जिसमें लगभग 9600 से अधिक विद्यार्थी बैठेंगे।

वहीं, 26 फरवरी वीरवार को 10वीं कक्षा की गणित परीक्षा में करीब 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। परीक्षाएं दोपहर 12:30 से 3:30 बजे तक संचालित होंगी। बोर्ड की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी परीक्षार्थी कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। जिले के चारों उपमंडलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।

ऐलनाबाद में 20, कालांवाली में 11, डबवाली में 13 और सिरसा उपमंडल में 35 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बोर्ड के अनुसार, जिले में कोई भी केंद्र संवेदनशील या अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल नहीं है। फिर भी नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग के साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं।

एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर छह-छह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। संबंधित एसएचओ और डीएसपी भी निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा, स्पेशल राइडर और ईआरवी गाड़ियों की ड्यूटी लगाई गई है।

फ्लाइंग स्क्वाॅयड पर असमंजस : बोर्ड परीक्षाओं के बीच फ्लाइंग स्क्वाॅयड की ड्यूटी को लेकर असमंजस की स्थिति सामने आई है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए गठित टीमों की पूरी सूची मंगलवार शाम तक सार्वजनिक नहीं की गई थी। इससे संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों में स्पष्टता का अभाव रहा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से चेयरमैन फ्लाइंग स्क्वाॅयड में शिक्षा अधिकारियों की सूची जारी की गई है। इसमें रानियां के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शमशेर सिंह को संयोजक नियुक्त किया गया है।

उनकी टीम में जीजीएसएसएस कोटली से पीजीटी विनोद कुमार, नागोकी स्कूल से पीजीटी सरोज बाला तथा माधोसिंघाना पीएमश्री स्कूल से विनोद कुमार को शामिल किया गया है। हालांकि, चेयरमैन फ्लाइंग में शामिल जीजीएसएसएस कोटली के पीजीटी विनोद कुमार को पहले ही एक परीक्षा केंद्र पर सुपरिंटेंडेंट की ड्यूटी सौंपी जा चुकी है। ऐसे में उनकी दोहरी जिम्मेदारी को लेकर असमंजस बना हुआ है कि वे किस ड्यूटी का निर्वहन करेंगे। बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार फ्लाइंग स्क्वाॅयड में शामिल शिक्षकों को किसी एक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से पहले पहुंचना अनिवार्य होता है।

वहीं से परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी व प्रारंभ कराने की जिम्मेदारी निभानी होती है। इसके अलावा, एसडीएम, डीसी और डीईओ स्तर पर गठित फ्लाइंग टीमों में किन अधिकारियों की तैनाती की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी भी देर शाम तक संबंधित परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सकी थी। फिलहाल, प्रशासन का दावा है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

[ad_2]
Sirsa News: कड़ी सुरक्षा के बीच बोर्ड की परीक्षाएं आज से