डीएवी कॉलेज की प्लेसमेंट ड्राइव में छात्रों को मिली बड़ी सफलता, इंटर्नशिप के साथ कई कंपनियों ने दिया 25 से 40 हजार तक का पैकेज! Haryana News & Updates

[ad_1]

फरीदाबाद: इस बार फरीदाबाद के डीएवी कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट ने सच में छात्रों की मेहनत को एक नई पहचान दिला दी है. पढ़ाई के साथ जो करियर का टेंशन हर किसी के मन में रहता है वो यहां आकर थोड़ा तो कम हुआ है. हाल ही में हुई प्लेसमेंट ड्राइव में 54 छात्रों ने इंटरव्यू दिया और इनमें से 18 को अलग-अलग कंपनियों में मौका मिला. मजेदार बात ये रही कि कंपनियों ने बच्चों को उन्हीं की रुचि और सब्जेक्ट के हिसाब से चुना है. किसी को एचआर में जगह मिली तो किसी को सोशल मीडिया, रिटेल मैनेजमेंट, डाटा एंट्री या बिजनेस डेवलपमेंट जैसे प्रोफाइल में मौका मिला.

इंटर्नशिप में मिलेंगे 10 हजार

चयनित छात्रों को पहले 3 से 6 महीने की इंटर्नशिप पर रखा जाएगा. इस दौरान हर महीने करीब 10 हजार रुपये मिलेंगे. इंटर्नशिप के बाद अगर प्रदर्शन अच्छा रहा, तो पैकेज 25 हजार से 40 हजार रुपये तक जाएगा. कॉलेज प्रबंधन ने साफ कहा है कि पूरी प्रक्रिया बिल्कुल पारदर्शी रही और किसी से कोई फीस नहीं ली गई.

सीखने का मिलेगा मौका

बी वॉक की छात्रा महकशाना ने बताया कि उन्होंने बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव के लिए अप्लाई किया था और उसी में सिलेक्शन हुआ. इंटरव्यू कॉलेज में ही हुआ जिसमें कोर्स से जुड़े सवाल पूछे गए. उनका मानना है कि इंटर्नशिप असल में सीखने का मौका है कैसे कंपनी में काम होता है, टीम कैसे चलती है, टारगेट कैसे पूरे होते हैं. उन्हें भी इंटर्नशिप में 10 हजार रुपये मिलेंगे और आगे पैकेज बढ़ जाएगा.

दीपिका तनवर बीवॉक की सेकंड ईयर की छात्रा ने बताया कि उनसे रिटेल मैनेजमेंट से जुड़े बेसिक सवाल पूछे गए. उन्होंने पहले भी कॉलेज में एक महीने की इंटर्नशिप की थी उसके अनुभव से जुड़े सवाल भी इंटरव्यू में आए. उनका अगला राउंड दिल्ली के ओखला में कंपनी के दफ्तर में होगा. दीपिका ने भी यही कहा कि कोई चार्ज नहीं लिया गया सब फ्री है. इंटर्नशिप में 10 हजार रुपये मिलेंगे और जॉब मिलने के बाद शुरुआती पैकेज 25 से 30 हजार तक रहेगा.

प्रदर्शन के आधार पर सैलरी तय होगी

कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर ट्विंकल ने बताया कि जो स्टूडेंट्स अभी ग्रेजुएशन पूरा नहीं कर पाए हैं उन्हें पहले इंटर्नशिप पर लिया जा रहा है जिससे उन्हें कॉरपोरेट वर्ल्ड का माहौल समझने का मौका मिले. अलग-अलग डिपार्टमेंट्स के हिसाब से सिलेक्शन हुआ है. इंटर्नशिप के 3 से 6 महीने बाद प्रदर्शन के आधार पर सैलरी तय होगी. ट्विंकल ने ये भी बताया कि कॉलेज हर साल प्लेसमेंट के मौके देता है और पैकेज पूरी तरह छात्रों की स्किल पर डिपेंड करता है.

बीकॉम ऑनर्स के छात्र ध्रुव ने बताया कि उनका सिलेक्शन डाटा एंट्री के लिए हुआ है और इंटरव्यू में भी उसी से जुड़े सवाल हुए. इंटर्नशिप के दौरान उन्हें 10 हजार रुपये मिलेंगे और बाद में ये सैलरी में बदल जाएगा. बीबीए फाइनल ईयर के रितेश कुमार ने बताया कि इंटरव्यू अच्छा रहा एचआर टीम खुद कॉलेज आई थी और उन्हें दिल्ली एनसीआर में जॉब ऑफर हुई है.

परफॉरमेंस अच्छा रहा तो जॉब पक्की 

बीबीए सेकंड ईयर के शिवाजी ने कहा कि अभी इंटर्नशिप पर हैं शुरुआत में सैलरी थोड़ी कम है, लेकिन अगर परफॉरमेंस अच्छा रहा तो पक्की जॉब और बेहतर पैकेज मिलेगा. बीबॉक सेकंड ईयर के विशु ने बताया कि इंटरव्यू में कोर्स के सवालों के साथ-साथ ये भी पूछा गया कि वे दबाव कैसे संभालते हैं.

कुल मिलाकर डीएवी कॉलेज के इन छात्रों के लिए ये प्लेसमेंट सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि करियर की सॉलिड शुरुआत है. यहां पढ़ाई के साथ-साथ कंपनियों से सीधा जुड़ना इंटरव्यू का अनुभव लेना और कॉरपोरेट दुनिया को समझना..ये सब मिलकर इन्हें आने वाले समय के लिए तैयार कर रहे हैं. सच कहें तो ये खबर सिर्फ प्लेसमेंट की नहीं बल्कि उन सपनों की है जो अब हकीकत बनने लगे हैं.

[ad_2]