[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की ‘मेरी रसोई स्कीम’ की लॉन्चिग की रही। CM भगवंत मान ने घोषणा करते हुए कहा कि 40 लाख परिवारों को फ्री में गेहूं, दाल, चीनी, नमक और हल्दी मिलेगी।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब में चुनाव से पहले फ्री दाल-चीनी, शराब महंगी नहीं होगी
पंजाब कैबिनेट की मीटिंग के बाद CM भगवंत मान ने मेरी रसोई स्कीम लॉन्च करने की घोषणा की। इस योजना का लाभ प्रदेश के 40 लाख परिवारों को मिलेगा। इसके तहत सरकार एक फूड किट तैयार करेगी, जो नीले कार्ड धारकों को मिलेगी।
इस किट में गेहूं के साथ, उड़द-चने की 2 किलो दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो आयोडीन नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर, एक लीटर सरसों का तेल दिया जाएगा। इस दौरान CM मान ने बजट सेशन का ऐलान भी किया। उन्होंने बताया कि 6 मार्च से बजट सेशन शुरू होगा, जो 16 मार्च तक चलेगा।
वहीं पंजाब की एक्साइज पॉलिसी को मंजूरी दी गई है। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि 2022-23 में जब हमारी सरकार बनी तो उस समय पंजाब में सिर्फ 6200 करोड़ सरकार को राजस्व मिलता था। वह आज बढ़कर 11 हजार 20 करोड़ पूरा कर लिया है। पूरे साल के दौरान कोई किश्त लेट नहीं हुई। अब रेवेन्यू बढ़ाकर इस बार टारगेट 12 हजार 800 करोड़ रखा है।
उन्होंने कहा कि 6.5 प्रतिशत राशि के साथ अपने ग्रूप को रिन्यू करवा पाएंगे। पहली बार माल्ट कोई रूल नहीं बने थे। सिंगल माल्ट बनाने की यूनिट लगा पाएंगे। पहले बॉटलिंग होती थी। शराब महंगी नहीं होगी। हमने देसी शराब का कोटा तीन फीसदी बढ़ाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. पुलिस चौकी में ASI की हत्या का VIDEO

गुरदासपुर पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड की हत्या को लेकर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने कत्ल का वीडियो जारी किया है। इसमें दिख रहा है कि ASI गुरनाम सिंह को सिर से सटाकर गोली मारी गई। ASI गुरनाम कुर्सी पर बैठे नींद में नजर आ रहे हैं। इसके बाद पिस्टल पर साइलेंसर लगाकर पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारी गई।
गोली लगते ही ASI की आंखें खुलती हैं और फिर बंद हो जाती हैं। इसमें एक आरोपी गोली मार रहा है, जबकि दूसरा वीडियो बना रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वहीं इस मामले में अब लॉरेंस गैंग की भी एंट्री हो गई है। लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हमारे देश के 2 काबिल व ईमानदार अफसरों को आतंकियों ने शहीद किया है। हम इसका बदला खून से लेंगे। 2 के बदले 10 मारेंगे।
CM भगवंत मान ने दोनों के परिवार के लिए 2-2 करोड़ रुपए का ऐलान किया है। भगवंत मान ने कहा कि सरकार उनकी कुर्बानी को सलाम करती है। बता दें कि शनिवार रात को गुरदासपुर में PAK बॉर्डर से डेढ़ किमी दूर आदियां पुलिस चौकी में ड्यूटी पर तैनात ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या कर दी गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. कांग्रेस MLA के घर पर चला AAP का बुलडोजर

कपूरथला की भुलत्थ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के घर से जुड़े कथित अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। जिससे सुबह-सुबह रामगढ़ गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस ने घर के पास गली में लगाए गए गेट का पिलर गिरा दिया।
इस समय विधायक खैहरा भी अपने घर पर मौजूद थे। खैहरा की अपील के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक घर के बाहर जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना नोटिस दिए घर गिराने की कोशिश की गई।
इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर एसएसपी गौरव तूरा की अगुआई में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई घर को नहीं, बल्कि उससे जुड़े कथित अवैध निर्माण को गिराने के लिए की गई। दूसरी ओर, खैहरा ने कहा कि यह कदम बिना किसी नोटिस या सुनवाई के उठाया जा रहा है।
खैहरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गैर-कानूनी आदेश पर पुलिस और नौकरशाही द्वारा रामगढ़ में मेरे घर के कुछ हिस्से को बिना किसी नोटिस या सुनवाई के जबरदस्ती गिराने की कोशिश की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. चंडीगढ़ में गर्लफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या की

चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित फ्रेगरेंस गार्डन में युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसे उसके बॉयफ्रेंड ने मिलने के बहाने पार्क में बुलाया था। इसके बाद उसके गले पर चाकू मारकर भाग गया। इस दौरान युवती की मां का फोन आ गया, जिसे रिसीव कर युवती बोली- मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है। 36 के पार्क में हूं। बचा लो।
पार्क में टहलने आए किसी व्यक्ति ने घायल युवती के पार्क में पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। वहीं, युवती की बात सुनकर उसके परिजन भी पार्क में पहुंच गए थे। वे युवती को उठाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान सुहानी (23) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ सेक्टर-35 में रह रही थी। आरोपी युवक विनय भी उसके घर के पास ही एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। पुलिस ने उसे बुड़ैल से गिरफ्तार कर लिया है। पिता के मुताबिक, विनय बेटी को परेशान करता था।
मां अनीता ने बताया- सुहानी का रिश्ता सेक्टर-56 में रहने वाले राहुल से तय हुआ था। वह रविवार रात को डिनर पर घर आने वाला था। इसलिए, सुहानी उसकी पसंदीदा बिरयानी बना रही थी। इसी बीच उसने कहा कि वह राहुल के लिए चॉकलेट लेने जा रही है। वह स्कूटी उठाकर निकल गई और फिर नहीं लौटी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. फाजिल्का में 2 सगे भाइयों समेत 3 की मौत

फाजिल्का जिले के अबोहर में रविवार आधी रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 2 सगे भाइयों समेत 3 युवकों की मौत हो गई। वहीं, 2 युवक घायल हुए हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान उदय (24), विशाल (22) और रमन (22) के रूप में हुई है। इनमें उदय और विशाल सगे भाई थे। माता-पिता के ये दोनों ही बच्चे थे। इनके जाने से पूरा परिवार उजड़ गया है। इनमें से उदय शादीशुदा था। उसके 2 बच्चे हैं। जबकि, रमन इनकी बुआ का लड़का था।
वहीं, घायलों में रोशन और अनमोल शामिल हैं। ये सभी अबोहर के पास गांव बलुआणा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक बागों में किन्नू तोड़ने का ठेका लेते थे। कल रात भी ये एक डील फाइनल कर लौट रहे थे।
अस्पताल पहुंचे परिजन ने बताया है कि उन्हें रात करीब डेढ़ बजे किसी का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि हमारे बेटों का एक्सीडेंट हो गया। उन्हें अबोहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। हम जब अस्पताल पहुंचे तो 3 युवकों की मौत हो चुकी थी। वहीं, दो को प्राथमिक उपचार देकर फरीदकोट रेफर कर दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)
6. ग्रंथी ने जहर खाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट लिखा

संगरूर में ग्रंथी अजीत सिंह ने जहर खाकर आत्महत्या कर दी। अजीत सिंह ने जहर खाने के बाद एक वीडियो बनाया। अजीत सिंह ने वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए अपने सुसाइड करने का कारण बताया।
अजीत सिंह ने अपनी मौत का जिम्मेदार बाबा बलविंदर सिंह चांगली वाले को बताया। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने बाबा बलविंदर सिंह चांगली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिवार उसकी गिरफ्तारी की जिद पर अड़ा है।
परिवार व ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता तब तक संस्कार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने सोमवार को चांगली के नजदीक कातरों के पास चक्का जाम किया और प्रदर्शन किया। अजीत सिंह ने शनिवार को आत्महत्या की थी और उसके बाद से अभी तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।
अजीत सिंह ने सुसाइड नोट लिखा कि बाबा बलविंदर सिंह चांगली वाला उसे घर बुलाकर दो बार पीट चुका है। विरोध करने पर वो और ज्यादा मारता है। चांगली वाला उसे बाबा सिमरनदीप सिंह बस्सियां वालों का मोबाइल चोरी करके लाने को कहा। मैंने बात नहीं मानी तो पिटाई की। (पढ़ें पूरी खबर)
7. चंडीगढ़ में पूर्व मेयर की पत्नी समेत कई नेता कांग्रेस में शामिल

चंडीगढ़ में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका दिया है। आप को चंडीगढ़ में खड़ा करने वाले पूर्व मेयर स्व. प्रदीप छाबड़ा की पत्नी रितु छाबड़ा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। इसके साथ ही आप की टिकट से धनास वार्ड से चुनाव लड़ चुके कुलदीप कुक्की, हरजिंदर सिंह बावा (बाबा) और यंकी कालिया भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
रितु छाबड़ा अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में आई हैं। उनका जाना आप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। गौरतलब है कि मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन टूट गया था। कांग्रेस ने आप प्रभारी जरनैल सिंह की टिप्पणी को गठबंधन टूटने की मुख्य वजह बताया था।
इससे पहले कांग्रेस ने आप को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में दोनों दलों के बीच खींचतान खुलकर सामने आ गई। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने भी कांग्रेस को झटका देने का दावा किया है।
आप चंडीगढ़ के सहप्रभारी डॉ. सन्नी सिंह आहलूवालिया और प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह यादव की मौजूदगी में यूथ कांग्रेस डिस्ट्रिक्ट-4 के वाइस प्रेसिडेंट मनीष वर्मा, वार्ड जनरल सेक्रेटरी राहुल शर्मा, वार्ड सेक्रेटरी अनीश खान सहित कई युवाओं ने कांग्रेस छोड़कर आप की सदस्यता ग्रहण की है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. महिला बोली- दुकानदार ने जबरदस्ती की, मेरा घर टूट गया

पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राजलाली गिल ने लुधियाना में महिलाओं की शिकायतें सुनीं। इस दौरान एक महिला ने दुकानदार की ब्लैकमेलिंग की शिकायत करते हुए कहा कि इसकी वजह से मेरा घर टूट गया और मेरा पति मुझे तलाक दे रहा है। लेकिन पुलिस कंप्रोमाइज करने को कह रही है।
महिला ने कहा कि दुकानदार मेरे को फोर्स कर रहा है। इसकी मोबाइल रिपेयर की शॉप हैं। मैं कई बार इसके पास रिचार्ज व मम्मी की पेंशन के लिए जाती थी। इसने मेरे साथ जबरदस्ती की। मैं हीटर लेने इसकी दुकान पर गई थी। यह सुनते ही चेयरपर्सन का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया।
राजलाली गिल ने जवाब देने आए पुलिसकर्मी से केस की स्टेटस रिपोर्ट तलब की, तो उसने कहा कि जांच रिपोर्ट नहीं है। इस पर राजलाली गिल ने उसे कहा कि स्टेटस रिपोर्ट लाए नहीं तो क्या करने आए हो, निकल जाओ यहां से। वहीं दुकानदार ने कहा कि ये खुद आती थी। मेरे पास सभी प्रूफ हैं। ऑडियो रिकार्डिंग है। दरअसल, महिला आयोग को शिकायत मिली थी। इसके बाद शिकायतकर्ता, आरोपी और जांच अधिकारी को कार्रवाई रिपोर्ट के साथ तलब किया था। (पढ़ें पूरी खबर)
9. जालंधर में टायर फटने से खंभे से टकराई कार

जालंधर में कार टायर फटने से बेकाबू हो गई। इसके बाद कार स्पीड से खंभे से टकरा गई। इसका CCTV फुटेज सामने आया है। हादसे में कार के बंपर को नुकसान पहुंचा है। ड्राइवर और साथ बैठे व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। घटना फिल्लौर-नूरमहल रोड पर सोमवार की है। कार जैसे ही खंभे के साथ टकराई तो उसका टायर का कुछ हिस्सा निकलकर रोड के साइड में जाकर गिरा।
इसके बाद कार फिल्म के एक्शन सीन की तरह टेढ़ी होकर और लगभग 100 मीटर तक घिसटते हुए रोड के बीचों-बीच आ गई। कार पलटते-पलटते बच गई। जैसी ही कार रुकी तो ड्राइवर तेजी से बाहर निकला। सुबह के वक्त रोड पर भीड़ कम होने और दुकानें बंद होने से लोग चपेट में आने से बच गए। कार के खंभे से टकराने की आवाज आने के बाद राहगीर रुक गए।
इसके साथ ही आसपास के लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंची। खंभे से टकराने के बाद कार रोड के बीच आ गई, जिससे आधे घंटे तक ट्रैफिक भी रुका रहा। मौके पर एकत्रित लोगों ने कार को रोड से हटवाया। इसके बाद ड्राइवर की टायर बदलवाने में मदद की। (पढ़ें पूरी खबर)
10. लुधियाना के बाबा ने बच्चियों से अश्लील हरकतें की

लुधियाना के रहने वाले कथित बाबा ने हिमाचल के हमीरपुर में दो मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें की। आरोपी ने उनके प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की। एक महिला दर्शन के लिए मंदिर में गई, तो वहां पर लड़की मंदिर से रोते हुए बाहर निकली, जिसके बाद इसका खुलासा हुआ। लोगों को जैसे ही इसका पता चला तो उन्होंने बाबा को पकड़कर पिटाई कर दी।
जब मामला बढ़ा तो पुलिस को बुलाया गया और लोगों ने बाबा को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई। आरोपी की पहचान बचित्तर सिंह के नाम से हुई, जो हरिओं कला लुधियाना का रहने वाला है।
वह कोहली क्षेत्र स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में बाबा बनकर रहता था। मजदूर परिवारों की बच्चियों को लालच देकर बुलाता था। उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक महिला के मुताबिक, जब वह मंदिर में गई तो वहां पर लड़की को आवाज दी। लड़की मंदिर से रोते हुए बाहर निकली और अपने साथ हुई हरकत के बारे में बताया। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: ASI की हत्या का VIDEO, बाबा ने प्राइवेट पार्ट टच किए, गर्लफ्रेंड का मर्डर; फ्री दाल-चीनी देगी सरकार – Punjab News

