[ad_1]
पिहोवा में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार कार द्वारा बुलेट बाइक को टक्कर मारने से हुआ, जिसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान भौर सैयदां गांव के रहने वाले ने अमन कुमार के रूप में हुई है। घायल सोहन लाल उसी गांव का निवासी है, जिसका फिलहाल शाहाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों युवक अरुणाय गांव स्थित संगमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे थे।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के छोटे भाई राहुल ने पुलिस को बताया कि वह टीकरी गांव से काम निपटाकर लौट रहा था। अरुणाय के शिव मंदिर के पास उसने अमन और सोहन को बाइक पर देखा और बात भी की। सोहन बाइक चला रहा था, जबकि अमन पीछे बैठा था। सैंसा गांव से पहले माता मंदिर के निकट सैंसा की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर जा गिरे।
राहुल ने तुरंत बाइक रोकी और राहगीरों की मदद से घायलों को प्राइवेट वाहन से पिहोवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया और सोहन की गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए। अमन के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सोहन के सिर और पैरों में चोटें हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
[ad_2]
Kurukshetra News: मंदिर से लौटते युवक की कार से टक्कर में मौत, दोस्त गंभीर रूप से घायल




