सोनीपत। राई में शनिवार सुबह 5.30 से 6 बजे के बीच दिल्ली की ओर जा रही बस नेशनल हाईवे-44 पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में अमृतसर के रहने वाले कंडक्टर अमन की मौत हो गई जबकि अमृतसर के ही रहने वाले निकेश सहित 6 यात्री घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर है। राई थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चालक को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया जबकि अन्य घायलों में दिल्ली के एक ही परिवार के रहने वाले दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा और सुषमा मल्होत्रा व दो अन्य सुमन और अधिराम निवासी दिल्ली को प्राथमिक उपचार देकर छोड़ दिया गया है। दीपक के परिवार वाले उन्हें व अन्य को लेकर घर चले गए हैं।
राई थाना पुलिस के अनुसार निजी लग्जरी बस पंजाब के अमृतसर से शुक्रवार की रात 11:15 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। शनिवार सुबह 5.30 से 6 बजे के बीच जब वह नेशनल हाईवे-44 पर राई फ्लाईओवर पर पहुंची तो वहां रोड के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
बस की गति अधिक होने की वजह से वह ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कंडक्टर अमन की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद से ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर लापता हैं।
शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला
ट्रक के साथ हुई जोरदार टक्कर के बाद बस के अंदर यात्री फंस गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों में दिल्ली के रहने वाले एक ही परिवार के दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा और सुषमा मल्होत्रा को सिविल अस्पताल में प्राथमिक देने के बाद परिजन अपने साथ दिल्ली ले गए। इसके अलावा दो यात्रियों को मामूली रूप से चोट आई है। उनको प्राथमिक उपचार दिया गया है। दीपक मल्होत्रा परिवार के साथ अमृतसर में एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
चालक को ट्रक का नहीं लगा अंदाजा
हाईवे के किनारे खराब ट्रक पहले से खड़ा था। तेज रफ्तार में होने की वजह से बस चालक को इस बात का अंदाजा नहीं लग सका कि ट्रक खड़ा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर से उतरने के दौरान बस की रफ्तार काफी तेज थी। इससे चालक को यह अंदाजा नहीं लग सका कि रोड के किनारे ट्रक खड़ा। जब तक चालक ट्रक को देख पाता बस उससे जा टकराई। कुछ लोग को यह भी आशंका जता रह हैं कि चालक को झपकी आ गई होगी जिसकी वजह से हादसा हो गया। हादसे की वजह क्या रही इसका पता चालक से पता चल पाएगा मगर अभी उनकी हालत गंभीर है जिसकी वजह से कुछ भी बताने में असमर्थ हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। राई थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह सामने आ रही है। हालांकि, यह भी जांच का विषय है कि ट्रक किन परिस्थितियों में हाईवे पर खड़ा था। आवश्यक सुरक्षा संकेत लगाए गए थे या नहीं।
हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-44 पर जाम लग गया। पुलिस ने फ्लाईओवर से वाहनों का परिचालन बंद करवाकर क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को रोड से हटाया। इसके बाद फ्लाईओवर से होकर वाहनों का आवागमन सुचारु करवाया।
नेशनल हाईवे-44 पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त बस।

नेशनल हाईवे-44 पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त बस।
Sonipat News: खड़े ट्रक में पीछे से टकराई बस, कंडक्टर की मौत, चालक सहित छह घायल




