[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर किसानों और पुलिस के बीच टकराव की रही। जिसमें दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। इससे कई घायल हुए हैं। इस दौरान पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। बठिंडा में किसान अपने साथियों की रिहाई के लिए DC ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें तो बवाल हो गया।
दूसरी बड़ी खबर पंजाबी NRI दूल्हे की शादी में नोटों की बारिश की रही। जिसमें दावा किया गया कि मेहमानों ने दूल्हा-दुल्हन पर 8 करोड़ रुपए उड़ा दिए। जिनमें डॉलर भी शामिल थे।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें..
1. बठिंडा में किसानों-पुलिस में टकराव, पत्थरबाजी-आंसू गैस के गोले दागे
भारतीय किसान यूनियन (एकता-उगराहां) से जुड़े किसानों और पुलिस के बीच दिन भर टकराव हुआ। किसान अपने साथियों की रिहाई के लिए बठिंडा DC ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे। इससे पहले ही जगह-जगह उन्हें रोक लिया गया। बठिंडा में गांव जियोंद के पास किसानों को रोका गया तो उनकी पुलिस से झड़प हो गई।
बठिंडा की SSP ज्योति यादव ने कहा कि किसानों की तरफ से एग्रेशन दिखाया गया। इस दौरान किसानों की तरफ से पुलिस पर पत्थरबाजी की गई। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर किसानों को खदेड़ा।
जिसके बाद वहां से महिलाओं समेत कई किसानों को हिरासत में ले लिया गया। इस बीच पुलिस का भी किसानों पर पत्थर मारते का वीडियो सामने आया।
पटियाला के समाना में बठिंडा आ रहे किसानों को रोकने पर पुलिस से झड़प हो गई। संगरूर के गांव शेरों में भी पुलिस-किसानों के बीच धक्कामुक्की हुई। जिसके बाद कई किसानों को हिरासत में ले लिया गया। किसानों की मुख्य मांग 9 महीने से जेल में बंद उनके 2 साथियों, बलदेव सिंह चाऊके और शगनदीप सिंह जियोंद की तत्काल रिहाई है (पढ़ें पूरी खबर)
2. तरनतारन में AAP सरपंच की गोली मारकर हत्या

तरनतारन में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बुधवार को सिद्धू फार्म शादी समारोह के दौरान अंदर घुसे। इसमें गांव ठट्टियां महंतां के सरपंच हरबिंदर सिंह चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह के साथ पहुंचे थे।
इसी दौरान जब सरपंच स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस कर रहे थे, तो भीड़ से एक युवक निकला और फायरिंग कर दी। हरबिंदर सिंह के पेट और सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान जब चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा किया तो उन्होंने उसके पेट में गोली मरा दी। घायल को इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. CT यूनिवर्सिटी की छात्रा रेलिंग से गिरी, मौके पर मौत

लुधियाना के जगराओं स्थित CT यूनिवर्सिटी में एक छात्रा दूसरी मंजिल से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके गिरते का वीडियो भी सामने आया है। वह कुछ छात्राओं के साथ यूनिवर्सिटी में लिफ्ट का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वह लिफ्ट के पास बनी सीढ़ियों की स्टील की रेलिंग पर बैठ गई।
जब लिफ्ट आई और अन्य छात्राएं उसमें सवार होने लगीं, तो रेलिंग पर बैठी छात्रा का अचानक संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह पीछे की ओर पीठ के बल नीचे गिर गई। हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद यूनिवर्सिटी स्टाफ ने छात्रा को उठाकर लुधियाना के एक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान शबनम खातून के नाम से हुई, जो लुधियाना के शवहूर की रहने वाली थी। मृतका की दो बहनों और दो भाई हैं। वह बीबीए फर्स्ट ईयर में पढ़ती थी। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य दविंदर सिंह ने कहा कि घटना 12 से 1 बजे के करीब की है। मृतका के परिजन को बुलाया गया है। वहीं थाना सदर के एएसआई आत्मा सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं से पूछताछ की। (पढ़ें पूरी खबर)
4.CM भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी नहीं, सिसोदिया मिलने पहुंचे

CM भगंवत मान को अभी मोहाली के फाेर्टिस अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है। आज उनसे मिलने मनीष सिसोदिया पहुंचे। इस दौरान अस्पताल से जाते वक्त मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीएम साहब अब ठीक हैं। उनकी सेहत में काफी सुधार है। डॉक्टरों की टीम उनकी पूरी निगरानी कर रही है।
इससे एक दिन पहले 17 फरवरी को कथित खालिस्तनी संगठन खालिस्तान नेशनल आर्मी ने मोहाली के स्कूलों के साथ फोर्टिस अस्पताल को भी उड़ाने की धमकी दी थी। सीएम मान इसी अस्पताल में भर्ती हैं। इस मेल में दावा किया गया था कि CM को पूर्व CM बेअंत सिंह को मानव बम से उड़ाने वाले दिलावर सिंह के वारिसों ने पोलोनियम नामक का घातक केमिकल दिया है। हालांकि इस संगठन की धमकी झूठी निकली। उनके टाइम पर धमाके जैसी कोई बात नहीं हुई।
मोहाली पुलिस ने भी उनके दावे को सिरे से खारिज कर दिया था। बता दें कि 15 फरवरी को CM ने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ संगरूर के श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा की थी। यहां तबीयत बिगड़ी तो हेलिकॉप्टर से CM मान को मोहाली अस्पताल लाया गया। इसके अगले दिन वह 16 फरवरी को मोगा रैली में शामिल हुए लेकिन शाम को फिर तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे और उन्हें भर्ती कर लिया गया (पढ़ें पूरी खबर)
5. पूर्व CM चन्नी ने पॉलिटिक्स छोड़ने की धमकी दी, कांग्रेस प्रभारी बघेल ने शांत किया

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस नेताओं से काफी नाराज हो चुके हैं। 2 दिन पहले चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस की मीटिंग को लेकर खुलासा हुआ कि इसमें चन्नी ने पॉलिटिक्स छोड़ने तक की धमकी दे दी। इस मीटिंग में कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, पंजाब प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग व नेता विपक्ष प्रताप बाजवा समेत सभी विधायक, सांसद, 2022 में चुनाव हारे उम्मीदवार और जिला प्रधान शामिल थे।
मीटिंग में शामिल रहे एक कांग्रेस नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मीटिंग में सीनियर नेता पार्टी में गुटबाजी को लेकर चन्नी को घेरते नजर आए। इस पर चन्नी बहुत नाराज हो गए। चन्नी ने कहा- मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं, मुझे टारगेट किया जा रहा है, इससे बढ़िया तो मैं घर बैठ जाता हूं। चन्नी के इस रवैये से पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल समेत सीनियर नेता सकते में आ गए।
चन्नी ने पार्टी नेताओं को साफ कर दिया कि वो जो भी कर रहे, पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। पंजाब सरकार को रोजाना घेर रहे हैं और सरकार की पोल खोल रहे हैं, ताकि लोग कांग्रेस से जुड़ें। मामला बढ़ते देख प्रभारी बघेल ने चन्नी को शांत किया और कहा कि कोई उन्हें टारगेट नहीं कर रहा है (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
6. पंजाबी NRI दूल्हे की शादी में नोटों की बारिश, दावा- दूल्हा-दुल्हन पर ₹8 करोड़ उड़ाए

पंजाबी NRI दूल्हे की शादी में नोटों की बारिश हुई। शादी समारोह का वीडियो सामने आया है। जिसमें लोग DJ पर नाचते दूल्हा-दुल्हन की जोड़ी पर जमकर नोट बरसा रहे हैं। इसके बाद दूल्हा भी नोट की गड्डी खोलकर दुल्हन पर उड़ाता है। ये वीडियो वायरल हुआ तो दावा किया गया कि शादी में 8 करोड़ रुपए उड़ाए गए। जिनमें डॉलर भी थे।
वीडियो की पड़ताल से पता की यह शादी तरनतारन के पट्टी में हुई थी। जिसमें दूल्हा ऑस्ट्रेलिया का रहने वाला है। वहीं दुल्हन तरनतारन के गांव मानोचाल की थी। दूल्हे के साथ उसके दोस्त भी ऑस्ट्रेलिया-कनाडा से आए थे। जिन्होंने दूल्हा-दुल्हन पर डॉलर उड़ाए।
हालांकि शादी में DJ वाले युवक ने कहा कि जो भी नोट उड़ाए गए, वह ज्यादातर 10-10 के नोट थे। इसलिए रुपए ज्यादा लग रहे हैं। उन्होंने वहां से जो रुपए उठाए, वह करीब 3 लाख रुपए थे। इसके अलावा कुछ डॉलर भी थे। सोशल मीडिया पर यूजर्स का इसको लेकर मिक्स रिएक्शन है। कोई इसे पंजाबियों का शाही अंदाज बता रहा है तो कोई फिजूलखर्ची कहकर आलोचना कर रहा है (पढ़ें पूरी खबर)
अन्य बड़ी खबरें…
7. निहंग ने गैंगस्टर लॉरेंस से मदद मांगी, बोला- मुझे बचा लो

पंजाब के निहंग बाबा सतनाम सिंह ने गैंगस्टर लॉरेंस से मदद मांगी है। वीडियो जारी कर सतनाम सिंह ने लॉरेंस से कहा- अपना कोई भी आदमी मेरे पास भेज दो। BJP जॉइन करने के बाद मुझ पर 2 बार हमला हो चुका है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से मिले कई कट्टरपंथी सिख मुझे मरवाना चाहते हैं।
निहंग सतनाम सिंह ने कहा- मेरे खिलाफ ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि मैं सनातन की बात करता हूं। मैंने भाजपा जॉइन की है। मैं निहंग सिंह बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर का समर्थन करता हूं। इस कारण कई जत्थेबंदियां मेरा विरोध कर रही हैं। निहंग रसूलपुर ने कुछ दिन पहले लॉरेंस की तारीफ करते हुए उसे जी कहा और गैंगस्टर होने के बावजूद देश का युवा होने के नाते उस पर गर्व करने की बात कही थी।
कुछ दिन पहले दिनों दोनों ने चंडीगढ़ में हुए कथा समारोह में हिस्सा लेकर हवन भी किया था, जिसका भी सिख जत्थेबंदियों ने विरोध किया था। वहीं, निहंग सिंह को धमकी देने वाले निहंग मान सिंह बुड्ढा दल वालों ने लॉरेंस से मदद मांगने पर कहा कि हरजीत सिंह तुम डर गए हो। अब क्यों डर रहे हो? हमने तो पहले ही कहा था कि सही तरीके से चलो (पढ़ें पूरी खबर)
8. चंडीगढ़ में ₹2.10 करोड़ में बिकी कोठी

चंडीगढ़ में एक कोठी 2.10 करोड़ रुपए में नीलाम हो गई। इस नीलामी को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसे चंडीगढ़ कोर्ट ने खारिज कर दिया। कोर्ट ने 19 जनवरी के सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के आदेश को बरकरार रखा। कोर्ट ने कहा कि यह नीलामी कोर्ट की निगरानी में हुई।
वहीं, याचिकाकर्ता का तर्क था कि कोठी की कीमत 3.5 करोड़ रुपए से ज्यादा है। जितने में इसे बेचा जा रहा, उससे ज्यादा तो इसका रिजर्व प्राइस होना चाहिए। नीलाम हुई कोठी नंबर 2781 सेक्टर 22-C में है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि नीलामी की पूरी प्रक्रिया संबंधित पक्षों की मौजूदगी में कराई गई थी। उस समय किसी भी पक्ष ने रिजर्व प्राइस को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई।
कोर्ट ने यह भी कहा कि मार्केट रेट ज्यादा होने का कोई पक्का दस्तावेज अदालत में पेश नहीं किया गया। आदेश 21 नियम 90 सीपीसी के तहत नीलामी रद्द करने के लिए ठोस कारण जरूरी होता है, जो इस मामले में साबित नहीं हुआ। अदालत ने यह भी माना कि नीलामी कोर्ट की निगरानी में पूरी हुई और सफल बोली लगाने वाले ने तय रकम जमा कर दी थी (पढ़ें पूरी खबर)
9. रवनीत बिट्टू बोले- प्रियंका गांधी किसान आंदोलन में पिटवाना चाहती थी

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी को घेरा। लुधियाना में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि प्रियंका गांधी व कांग्रेस पार्टी किसान आंदोलन के समय उन्हें पिटवाकर माहौल खराब करना चाहती थी।
बिट्टू ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस को प्रियंका गांधी, कांग्रेस पार्टी और योगेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत देंगे। बिट्टू ने कहा कि छह साल पहले किसान आंदोलन के दौरान प्रियंका गांधी ने उन्हें जबरन योगेंद्र यादव के पास भेजा था। जब वो योगेंद्र यादव के पास पहुंचे तो वहां 500 से ज्यादा खालिस्तान समर्थक बैठे थे।
बिट्टू ने कहा कि उनके पहुंचते ही योगेंद्र यादव वहां से खिसक गए थे और खालिस्तान समर्थकों ने हमला करने की कोशिश की। उस दौरान कांग्रेस नेता कुलबीर सिंह जीरा की गाड़ी के क्या हाल हुए थे यह सब ने देखा है। (पढ़ें पूरी खबर)
10. घर में घुसकर युवक की हत्या, गोली मारी

संगरूर में बदमाशों ने घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दो हमलावर रात करीब 2 बजे दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए और युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ बब्बू (29) के रूप में हुई है, जो लहिलकलां गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसकी दो साल पहले ही लव मैरिज हुई थी। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, बब्बू की किसी के साथ कोई रंजिश या विवाद नहीं था, न ही उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड था। पुलिस जांच में जुट गई है।
युवक की मां ने बताया कि दो लोगों ने मेरे बेटे को मार दिया। मैं बाहर की तरफ भागी और शोर मचाया। रात 1 बजे बहू को दवाई दिलाकर घर आया था। कुत्ते के भौंकने पर पता चला कि कोई आया है। इसके बाद वह कुत्ते को बाहर निकालने के लिए घर से बाहर आया। इसी दौरान वारदात हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: शादी में AAP सरपंच की हत्या; किसानों का पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले; NRI पंजाबी दूल्हे की शादी में बरसे नोट – Punjab News

