[ad_1]
चरखी दादरी। शहरवासियों को जल्द ही बेहतर और आकर्षक पार्कों की सौगात मिलेगी। नगर परिषद की ओर से शहर के तीन प्रमुख पार्कों का नवनिर्माण और सुंदरीकरण करीब 1.86 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इनमें शहर का सबसे बड़ा और प्रमुख पार्क रोज गार्डन विशेष रूप से शामिल है। जिसे आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक डिजाइनों के साथ विकसित किया जाएगा। इनके अलावा वार्ड-17 स्थित स्वर्ण जयंती पार्क और वार्ड चार में स्थित पार्क का भी सुंदरीकरण किया जाएगा।
बता दें कि अभी तक शहर में केवल रोज गार्डन ही ऐसा पार्क है, जहां सुबह और शाम को काफी संख्या में लोग सैर करने, टहलने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन समय के साथ पार्क की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। अधिकतर झूले टूटे हुए हैं, हरियाली कम हो गई है और यहां बैठने की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। हालात ये हो गए हैं कि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पार्क में आना कम कर चुके हैं। शहर के अन्य दो पार्कों की स्थिति भी ऐसी ही बन चुकी है।
चेयरमैन ने किया निरीक्षण
नगर परिषद चेयरमैन बख्शी राम सैनी ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ रोज गार्डन का निरीक्षण किया। इस दौरान एमई वीरेंद्र हुड्डा और जेई सौहार्द भी मौजूद रहे। इस दौरान निविदा लेने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है और शनिवार से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
धौलपुर के पत्थर से बनेंगी आकृतियां
रोज गार्डन के नवनिर्माण में राजस्थान के धौलपुर से विशेष लाल पत्थर मंगवाया जाएगा। इसी पत्थर से पार्क में विभिन्न प्रकार की आकर्षक आकृतियां और सजावटी संरचनाएं तैयार की जाएंगी। इनमें डेकोरेटिव स्कल्पचर एलिफेंट, डोनाल्ड डक कार्टून मूर्तियां, सजावटी कैनन, डक स्प्रिंग राइडर, सजावटी पोल और एलईडी बोलार्ड शामिल होंगे। इसके अलावा पार्क में तीन स्तरीय और 8 स्तरीय ग्रेनाइट जलप्रपात भी बनाए जाएंगे, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ाएंगे।
बच्चों के लिए लगेंगे झूले
बच्चों के लिए विशेष रूप से जिराफ क्लाइंबर सहित नए झूले लगाए जाएंगे। टूटे हुए पुराने झूलों को हटाकर आधुनिक और सुरक्षित झूले स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए अलग से निविदा आवंटित की जा चुकी है। पार्क में नई किस्म के सुगंधित और फलदार पौधे लगाए जाएंगे, जिससे वातावरण शुद्ध और हरा भरा बनेगा। घास और पौधों की विशेष देखरेख की जाएगी ताकि हरियाली बनी रहे।
बैठने के साथ अन्य सुविधाएं होंगी बेहतर
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। साथ ही टॉयलेट और पीने के पानी की सुविधाओं को भी आधुनिक रूप दिया जाएगा। नगर परिषद का लक्ष्य है कि रोज गार्डन को ऐसा रूप दिया जाए, जहां परिवार सुकून से समय बिता सकें और बच्चों को सुरक्षित खेल का माहौल मिल सके।
वर्सन :
शहर के सबसे बड़े रोज गार्डन को नया और आकर्षक रूप दिया जाएगा। इसके साथ अन्य दो पार्कों की दशा भी सुधारी जाएगी ताकि शहर के अलग अलग क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि धौलपुर से मंगवाया जाने वाला विशेष लाल पत्थर पार्क की सुंदरता में चार चांद लगाएगा।- चेयरमैन बक्शीराम सैनी, नगर परिषद, दादरी।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: 1.86 करोड़ से शहर के तीन पार्कों की होगी कायापलट, धौलपुर के लाल पत्थर से निखरेगा रोज गार्डन




