[ad_1]
फूसगढ़ गांव में एनआरआई बलकार लाठर के मकान पर गोलियां अमेरिका में रह रहे गुरदास ने चलवाई थीं। गुरदास ने अमेरिका में बलकार के साथ रह रहे उनके साले संदीप से 53 हजार अमेरिकी डॉलर (47.99 लाख रुपये) लेने हैं। दहशत बनाने के लिए फायरिंग कराई गई।
गुरदास ने पहले अंबाला के सोंटा निवासी भाई गुरशेर से रेकी करवाई। इसके बाद दो शूटरों से संपर्क साधकर 3 फरवरी की रात को करीब 1:30 बजे फायरिंग करवा दी। वारदात के 11 दिन बाद पुलिस ने रेकी करने वाले आरोपी गुरशेर और पंजाब के पटियाला के राजपुरा निवासी शूटर जसबीर को गिरफ्तार किया है। शनिवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने गुरशेर को न्यायिक हिरासत में भेजने की आदेश दिए जबकि जसबीर का चार दिन का रिमांड पर भेजा।
तीन साल पहले फूसगढ़ गांव से अमेरिका गए बलकार लाठर का साला संदीप भी अमेरिका में रह रहा है। वहां उसका अंबाला के सोंटा गांव निवासी गुरदास के साथ लेनदेन है। आरोप है कि संदीप ने गुरदास को 53 हजार अमेरिकी डॉलर देने थे। जब संदीप ने डॉलर नहीं दिए तो गुरदास ने परिवार को डराने के लिए उसके जीजा के घर पर फायरिंग करवाने की योजना बनाई। बाइक पर सवार होकर आए पंजाब के पटियाला के राजपुरा निवासी शूटर जसबीर और उसके दूसरे साथी ने रात को चार से पांच राउंड फायर किए और बाइक पर भाग गए।
मामले की जांच में एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने चार टीमों को गठन किया था। शनिवार को सीआईए एक और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को नीलोखेड़ी के समानाबाहू गांव के नजदीक से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की बाइक भी बरामद की है।
पहले नीचे दुकानों पर चलाई थीं गोलियां
दोनों बदमाशों ने पहले फूसगढ़ स्थित बलकार लाठर के मकान के नीचे बनी दुकानों पर फायरिंग की थी। ब्यूटी पार्लर की दुकान पर गोलियां चलाईं। गोली शटर, शीशा और परदे को चीरते हुए अंदर गई। ऊपर मकान पर बदमाशों ने दो गोलियां दागीं। ये गोलियां छज्जे पर लगी ग्रिल और कांच को तोड़ते हुए निकलीं। आसपास के लोगों के अनुसार, करीब तीन मिनट तक गोलियां चली थीं। हालांकि रात को उन्हें यह नहीं पता चला कि मकान पर गोलियां चली हैं। सुबह जब शटर में छेद और कांच बिखरा दिखा तो वारदात का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से तीन खोखे और एक कारतूस बरामद किया था।
लेन-देन के लिए कई बार हो चुकी पंचायत
लेनदेन के लिए दोनों पक्षों में कई बार पंचायत हो चुकी हैं। आरोपियों ने जब फायरिंग की, तब घर में बलकार लाठर की मां राजपती और पत्नी सीमा (अमेरिका में रहने वाले संदीप की बहन) ही घर पर थे। गुरदास पहले ही संदीप को धमकी दे चुका था। पुलिस ने मामले में गुरदास को शामिल कर लिया है। पुलिस उसे विदेश से लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाएगी।
फूसगढ़ निवासी बलकार के साले संदीप और अमेरिका बैठे गुरदास का आपसी लेनदेन है। इसी को लेकर गुरदास ने अपने भाई गुरशेर से रेकी करवाई। पटियाला के राजपुरा निवासी शूटर जसबीर व एक अन्य से संपर्क करके तीन फरवरी को फायरिंग करवाई। पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जसबीर से रिमांड के दौरान हथियार बरामद किया जाएगा और दूसरे शूटर की गिरफ्तारी की जाएगी।
– संदीप मढान, प्रभारी, सीआईए-1
[ad_2]
Karnal News: 53 हजार डॉलर के लिए अमेरिका से गुरदास ने चलवाई थीं गोलियां



