[ad_1]
11.50 करोड़ रुपये होंगे खर्च, कामकाजी महिलाओं को होगा फायदा
100 कमरों का हॉस्टल बनाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। हरियाणा राज्य औद्योगिक और अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में काम करने वाली महिलाओं के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मानेसर के सेक्टर-1 में महिलाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। इसको सरकार से मंजूरी मिल चुकी है और एक मार्च से निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। हॉस्टल के निर्माण पर विभाग की ओर से लगभग 11 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस हॉस्टल का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रहने की परेशानी न हो। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे तय समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एचएसआईआईडीसी के अनुसार मानेसर के सेक्टर-1 में डेढ़ एकड़ जमीन पर 100 कमरों का महिला हॉस्टल बनाया जाएगा। यह हॉस्टल सिर्फ आईएमटी में काम करने वाली महिलाओं के लिए होगा। इसमें तीन मंजिला इमारत और स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा होगी। साथ ही मेस, कॉमन रूम, खेल सुविधाएं और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
औद्योगिक क्षेत्र में ढाई हजार से ज्यादा कंपनियां हैं। यहां देश के अलग-अलग राज्यों से आई दस हजार से अधिक महिलाएं नौकरी करती हैं। वे किराये के कमरों में रहकर दिन या रात की शिफ्ट में काम करती हैं। उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार महिला हॉस्टल बनवा रही है, ताकि काम के बाद उन्हें रहने की सुरक्षित और आसान जगह मिल सके।
हॉस्टल बनाने के लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। एक मार्च से इसका निर्माण काम शुरू कर दिया जाएगा। यह हॉस्टल केवल आईएमटी में काम करने वाली महिलाओं के लिए बनाया जाएगा। –राजीव गोयल, एजीएम, एचएसआईआईडीसी
[ad_2]
Gurugram News: एक मार्च से शुरू होगा महिला हॉस्टल का निर्माण कार्य


