Hisar News: ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर काजला निवासी से 7.50 लाख की साइबर ठगी Latest Haryana News

[ad_1]

हिसार। साइबर ठगों ने ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर काजला निवासी एक व्यक्ति से 7.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि 21 जून 2025 को उसे एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मैसेज और लिंक प्राप्त हुआ। मैसेज में निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया गया था, जिसमें तीन हजार रुपये पर 25 हजार, पांच हजार पर 40 हजार, आठ हजार पर 60 हजार, दस हजार पर 80 हजार, 20 हजार पर एक लाख, 30 हजार पर 1.30 लाख और 50 हजार रुपये पर 2.5 लाख रुपये मिलने का झांसा दिया गया था।

लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित अपने आप एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया। ग्रुप में बातचीत के दौरान ठगों ने कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया और शुरुआत में दो हजार रुपये जमा कराने को कहा। पीड़ित ने बताए गए खाते में दो हजार रुपये जमा करा दिए, लेकिन राशि वापस नहीं आई। इसके बाद ठगों ने फाइल चार्ज का हवाला देकर तीन जुलाई को 3599 रुपये और जमा करवा लिए।

इसके बाद अलग-अलग खातों में लगातार रकम जमा कराई जाती रही। इस तरह पीड़ित से कुल 7.50 लाख रुपये ठग लिए गए। अंत में जब कोई भुगतान वापस नहीं मिला तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। जांच अधिकारी कपिल सिहाग ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

[ad_2]
Hisar News: ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर काजला निवासी से 7.50 लाख की साइबर ठगी