मुंबई13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में बताया कि 4 फरवरी 2026 तक कुल 8.80 करोड़ रिटर्न फाइल किए गए थे। इनमें से करीब 24.64 लाख रिटर्न अब तक प्रोसेस नहीं हो सके हैं।
प्रोसेसिंग में देरी की 4 वजहें…
टैक्स विभाग के मुताबिक, रिटर्न प्रोसेस होने में देरी का मतलब यह नहीं है कि आपके फॉर्म में कोई गड़बड़ी ही हो। इसकी कई तकनीकी वजहें हो सकती हैं:
- अगर रिटर्न फाइल करने के बाद ई-वेरिफाई नहीं किया है, तो प्रोसेसिंग शुरू नहीं होगी।
- बताई गई आय और विभाग के पास मौजूद डेटा (जैसे AIS या Form 26AS) में अंतर ।
- बैंक अकाउंट वैलिडेट न होना या अन्य तकनीकी जांच पेंडिंग होना।
- विभाग के पास एक साथ बड़ी संख्या में रिटर्न आने के कारण भी समय लग सकता है।
रिफंड के लिए क्यों करना पड़ रहा इंतजार
टैक्स विभाग रिफंड तभी जारी करता है जब ITR प्रोसेस हो जाता है। चूंकि 24 लाख से ज्यादा रिटर्न पेंडिंग हैं, इसलिए इन टैक्सपेयर्स के रिफंड भी अटके हुए हैं।
अगर आपका रिटर्न प्रोसेस हो गया है लेकिन रिफंड नहीं आया, तो आपको अपना ‘बैंक अकाउंट वैलिडेशन’ स्टेटस चेक करना चाहिए।

अब आपको क्या करना चाहिए?
अगर आपने असेसमेंट ईयर 2025-26 का रिटर्न भर दिया है, तो इन बातों का ध्यान रखें:
- पोर्टल चेक करें: इनकम टैक्स की वेबसाइट पर जाकर अपना ‘रिटर्न स्टेटस’ देखें।
- ई-वेरिफाई: सुनिश्चित करें कि आपका रिटर्न वेरिफाई हो चुका है।
- मैसेज/नोटिस: विभाग की ओर से आए किसी भी ईमेल या SMS का तुरंत जवाब दें।
- बैंक अकाउंट: चेक करें कि आपका बैंक अकाउंट प्री-वैलिडेट है।
सरकार के ‘नज’ कैंपेन में 1.11 करोड़ लोगों ने सुधारा रिटर्न
सरकार ने संसद में बताया कि विभाग के ‘नज’ कैंपेन की वजह से टैक्सपेयर्स अब खुद आगे आकर अपनी गलतियां सुधार रहे हैं। पिछले दो सालों में:
- 1.11 करोड़ लोगों ने अपना रिटर्न अपडेट या रिवाइज किया।
- इसके जरिए सरकार को ₹6,976.5 करोड़ का एडिशनल टैक्स मिला।
- इस पूरे अभियान का कुल रेवेन्यू प्रभाव करीब ₹8,810.59 करोड़ रहा।
नॉलेज बॉक्स: क्या है ‘नज’ कैंपेन?
यह टैक्स विभाग की एक सॉफ्ट पहल है। इसमें विभाग सीधे कार्रवाई करने के बजाय टैक्सपेयर को मैसेज या ईमेल भेजकर ‘नज’ (प्रेरित) करता है कि वे अपने रिटर्न की दोबारा जांच करें और अगर कोई आय छूट गई है, तो उसे खुद सुधार लें।
Source: https://www.bhaskar.com/g/business/news/income-tax-refund-pending-reasons-880-crore-returns-137177173.html




