[ad_1]
भिवानी। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एडीआर सेंटर के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) पवन कुमार ने की।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकाधिक मामलों को लोक अदालत में लाने के लिए ठोस रणनीति पर चर्चा की गई। सीजेएम पवन कुमार ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े लंबित मामलों की सूची तैयार कर उन्हें लोक अदालत में लाने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करें ताकि आम नागरिकों को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके।
सीजेएम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों का सरल, त्वरित और कम खर्च में निपटारा करना है। इससे आमजन को जटिल न्यायिक प्रक्रियाओं से राहत मिलती है और आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत विवाद निपटारे का एक प्रभावी और सौहार्दपूर्ण मंच है, जहां दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का समाधान किया जाता है। इससे न केवल समय की बचत होती है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में आमजन का विश्वास भी मजबूत होता है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
[ad_2]
Bhiwani News: राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निपटारे पर जोर




