[ad_1]
नए सत्र की तैयारी…निर्धारित समय सीमा के भीतर ही किए जाएंगे दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौवीं व 11वीं में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, जिले के सभी राजकीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में दाखिले निर्धारित समय सीमा के भीतर ही किए जाएंगे।
कक्षा 9वीं में दाखिले एक अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक किए जाएंगे। यदि कोई छात्र इस अवधि में दाखिला नहीं ले पाता है तो उसे 1 मई से 16 मई के बीच स्कूल प्रधानाचार्य की अनुमति से दाखिला मिल सकता है। इसके बाद 17 मई से 31 मई तक केवल जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति से ही दाखिले किए जाएंगे। वहीं, कक्षा 11वीं के लिए एक अप्रैल 2026 से अस्थायी दाखिले शुरू होंगे। बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद 10 दिनों के भीतर नियमित दाखिला प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि किसी कारणवश छात्र समय पर दाखिला नहीं ले पाता है तो उसे प्रधानाचार्य और जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति से अगले 10 कार्य दिवसों तक मौका दिया जाएगा।
कक्षा नौवीं और 11वीं में दाखिले तय नियमों और समय सारिणी के अनुसार ही किए जाएंगे। यदि कोई छात्र निर्धारित समय पर दाखिला नहीं ले पाता है तो उसे दस दिनों का मौका दिया जाएगा। – कैप्टन इंदू बोकन, जिला शिक्षा अधिकारी गुरुग्राम।
[ad_2]
Gurugram News: नौवीं व 11वीं के दाखिले एक अप्रैल से शुरू



