[ad_1]
चंडीगढ़ जिला कोर्ट में बीते मंगलवार को वकीलों द्वारा पकड़े गए फर्जी सीबीआई अफसर संदीप खुर्मी को मोहाली में पंजाब नेशनल बैंक में 4.80 लाख लूट मामले में आज मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। जहां जज ने उसे कड़ी फटकार लगाई। जज ने कहा कि तेरे चक्कर में केस इतना लंबा चला है। इस पर आरोपी संदीप ने कोर्ट को बताया कि उसका किडनी स्टोन का ऑपरेशन हुआ है, जो बहुत जरूरी था और उसे काफी परेशानी हो रही थी। इसी दौरान कोर्ट में मौजूद एक महिला संदीप को लेकर कुछ कहने लगी, जिस पर जज ने उसे कोर्ट से बाहर जाने के निर्देश दिए। इसके बाद कोर्ट ने आरोपी संदीप को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को चंडीगढ़ सेक्टर-43 चौकी इंचार्ज आशा द्वारा आरोपी संदीप को पकड़ा गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी को मोहाली कोर्ट द्वारा पहले ही भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने मोहाली पुलिस को सूचना दी और रात के समय आरोपी संदीप को उनके हवाले कर दिया गया। वकील ने शिकायत में ये बातें बताईं… बेटी को नौकरी का झांसा दिया: चंडीगढ़ जिला कोर्ट के वकील राजेश सिंह ने ठगी के मामले में शिकायत की है। उन्होंने बताया- मेरी बेटी ग्रेजुएशन कर चुकी है। वह नौकरी की तलाश में थी। आरोपी ने उसे CBI विभाग में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया था। खुद को CBI अधिकारी बताया: वकील ने कहा- कोर्ट परिसर में वह व्यक्ति आता-जाता रहता था। उसने अपना नाम सतीश बताया। करीब 15 दिन पहले वह मेरे पास आया और उसने कहा कि मैं CBI का अधिकारी हूं। उसने अपना पहचान पत्र भी दिखाया। उसने कहा कि वह स्पेशल ड्यूटी पर है और मेरी बेटी को CBI विभाग में नौकरी दिलवा सकता है। पहले 7 हजार रुपए लिए, फिर 12 हजार और मांगे: वकील के अनुसार, आरोपी ने नौकरी लगवाने के लिए 28 जनवरी 2026 को 7 हजार रुपये लिए। कहा कि यह रजिस्ट्रेशन फीस है। इसके बाद उसने सोमवार (2 फरवरी) को फोन कर कहा कि चंडीगढ़ के होम सेक्रेटरी का जन्मदिन है, उन्हें गिफ्ट देना है। इसके लिए 12 हजार रुपए मांगे। शक हुआ तो कोर्ट परिसर में बुलाया, पकड़ लिया: शिकायतकर्ता ने कहा- आरोपी कह रहा था कि गिफ्ट में मोबाइल देना है। उसके लिए 12 हजार रुपये आप दे दो, बाकी पैसे मैं खुद जोड़ दूंगा। इस पर मुझे शक हुआ तो मैंने अपने साथी वकीलों से बात की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को पैसे लेने बुला लो, फिर देखते हैं। मंगलवार को जब आरोपी कोर्ट परिसर पहुंचा और पैसे मांगने लगा तो पहले से सतर्क वकीलों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस पकड़ ले गई, आरोपी जॉइनिंग लेटर भेजने की कहता रहा वकीलों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। शख्स के पास से एक फाइल बरामद हुई, जिसमें फर्जी CBI के स्टांप लगे कई दस्तावेज मिले। साथ ही उसका आईकार्ड भी पुलिस ने जब्त किया है। गिरफ्तारी के दौरान शख्स दावा करता रहा कि उसने वकील की बेटी की नौकरी लगवा दी है। उसकी फाइल दिल्ली CBI हेडक्वार्टर पहुंच चुकी है और जल्द ही जॉइनिंग लेटर आ जाएगा। आरोपी ने बैंक में डाली थी डकैती पकड़े जाने पर आरोपी के खिलाफ डकैती के केस का भी खुलासा हुआ। आरोपी का असली नाम संदीप खुर्मी उर्फी सनी है। वह मूल रूप से नकोदर का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल चंडीगढ़ के सेक्टर-52 में रह रहा था। इसने 2 दोस्तों सोनू और रवि कोठारी के साथ मिलकर 17 जून 2020 को फेज-3A स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 4.80 लाख रुपये की डकैती की थी। 12 जुलाई 2020 को चंडीगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनसे 3.01 लाख रुपये कैश, अपराध में इस्तेमाल की गई स्कोडा कार, एक एयर पिस्टल और एक चाकू बरामद किया था। इन्होंने नशे के लिए डकैती डाली थी। इसके बाद से केस चलता रहा और तीनों आरोपी जमानत पर बाहर आ गए। तारीख पर नहीं पहुंचा तो कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया जमानत पर आने के बाद तीनों में से मुख्य आरोपी संदीप फरार हो गया। उसे तारीखों पर पेशी के लिए बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद जनवरी 2026 में संदीप को भगोड़ा घोषित कर दिया। इस मामले में 4 फरवरी 2026 को इन सभी की कोर्ट में पेशी है।
[ad_2]
मोहाली कोर्ट ने फर्जी CBI अफसर को लगाई फटकार: जज ने कहा- तेरे चक्कर में केस लंबा चला, 14 दिन की हिरासत में भेजा – Chandigarh News

