[ad_1]
Last Updated:
Haryana Weather Live: हरियाणा में फरवरी की हल्की धूप सर्दी के विदा होने के संकेत दे रही है. सुबह हल्की ठंड, दोपहर सुहावनी और तापमान में औसतन 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई. भिवानी और नूंह सबसे गर्म रहे. फरीदाबाद, गुरुग्राम और हिसार में भी पारा बढ़ा. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में दिन गर्म होंगे, जबकि सुबह-रात की ठंड बनी रहेगी. फिलहाल मौसम न ज्यादा ठंडा है न ज्यादा गर्म, किसानों और आम लोगों के लिए अनुकूल है.
फरीदाबाद: फरवरी की हल्की धूप अब साफ बता रही है कि सर्दी जाने वाली है. सुबह अभी भी ठंडी लगती है, लेकिन दोपहर होते-होते धूप में गर्मी का एहसास होने लगा है. हरियाणा का मौसम कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. सुबह हल्की ठंड, दोपहर सुहावनी और दिन बाकी दिनों से थोड़ा गर्म. मौसम विभाग चंडीगढ़ के मुताबिक आज पूरे राज्य में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ. तापमान अभी भी सामान्य है तो किसी को असहज गर्मी नहीं झेलनी पड़ी. अगर जिलों की बात करें तो भिवानी और नूंह में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस हुई. दोनों जगह तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. साफ है कि दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा में बाकी जगहों के मुकाबले गर्मी का असर थोड़ा ज्यादा था.
फरीदाबाद में कल का तापमान 21.4 डिग्री रहा जो बीते दिन से 0.9 डिग्री ज्यादा है. गुरुग्राम भी पीछे नहीं रहा यहां पारा 21.6 डिग्री तक पहुंच गया. हिसार में तो कल का दिन बाकी दिनों से भी गर्म रहा यहां 21.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो कल से करीब 3 डिग्री ज्यादा है. रोहतक में पारा 20.3, नारनौल में 20.5 और अंबाला में 19.1 डिग्री तक गया. करनाल और कैथल में तापमान थोड़ा कम रहा, मगर वहां भी ठंड अब पहले जैसी नहीं है.
बीते कल पूरे प्रदेश में बारिश नहीं हुई. आसमान पूरी तरह साफ था और धूप ने दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास कराया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में दिन का तापमान और बढ़ेगा लेकिन सुबह और रात की ठंड फिलहाल बनी रहेगी.
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बादल आ सकते हैं, जिससे रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दिखेगी. न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री के बीच रहेगा. मगर बारिश के बाद चलने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं रातों की सर्दी बढ़ा सकती है.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम सूखा रहेगा और ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में फिर गिरावट आ सकती है.
देखा जाए तो हरियाणा का मौसम फिलहाल न ज्यादा ठंडा है न ज्यादा गर्म. किसानों के लिए यह समय फसलों के लिहाज से बढ़िया है और आम लोग भी सर्दी से धीरे-धीरे राहत महसूस कर रहे हैं. बसंत अपने रंग दिखाने लगा है ये अब साफ दिख रहा है.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
[ad_2]


