[ad_1]
Haryana Weather Live: हरियाणा में इन दिनों मौसम बदलाव काफी देखने को मिल रहा है. दरअसल कल यानी 31 जनवरी को जहां हरियाणा के कई जिलों में काफी धुंध देखने को मिली थी, तो वहीं हरियाणा में रात से ही पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है, जिसके बाद कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली है. वहीं अंबाला जिले की बात करें तो सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल रही है, जिससे सुबह के समय अंबाला जिले का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. बता दें कि हरियाणा में कल यानी 31 जनवरी को अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस चरखी दादरी जिले में देखने को मिला, जबकि करनाल जिले में सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा में आज सुबह का तापमान ज्यादातर जिलों में 13°C के आसपास है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज प्रदेश के 17 जिलों में बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. उत्तर और दक्षिण हरियाणा के जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि (Hailstorm) भी हो सकती है. मौसम विभाग की ओर से पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यहां 50 से लेकर 75% तक बारिश के चांस बन रहे हैं.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि 4 फरवरी तक मौसम में बदलाव बना रहेगा. आज पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई इलाकों में बारिश के आसार हैं, जबकि 2 और 3 फरवरी को भी कुछ जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. फिर 4 फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन रात को ठंड बढ़ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी को मौसम के साथ दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है. राज्य के कई हिस्सों में ठंडी सुबह के बाद दिन सामान्य रहेगा. घना कोहरा सुबह-सुबह बना रह सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. बारिश की संभावना नहीं है. वहीं 5 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होता दिख सकता है, जिससे बादलों की संख्या घट सकती है और दिन में धूप निकलने का समय बढ़ सकता है. 6 फरवरी को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, जबकि 7 फरवरी इस सप्ताह के अंत तक साफ-सुथरा और शुष्क रहेगा. तापमान दिन में सामान्य से थोड़ा ऊंचा दिख सकता है, लेकिन रात में ठंड बनी रहेगी और तेज हवाएं चलेगी.
AQI लेवल में हुआ बदलाव
हरियाणा में मौसम परिवर्तन के साथ अब AQI लेवल भी बदलता हुआ दिखाई दे रहा है. दरअसल aqi.in की मानें तो हरियाणा के फरीदाबाद जिले में आज सुबह के समय AQI लेवल 212 देखने को मिला है, जबकि राजधानी दिल्ली में AQI लेवल 229 दर्ज किया गया है. वहीं हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सुबह AQI लेवल 221 देखने को मिला है, जबकि अंबाला जिले में AQI लेवल 206 दर्ज किया गया है.
[ad_2]



