कॉफी, कपड़े और दिल छू लेने वाली संस्कृति.. सूरजकुंड मेले में इथियोपिया की स्टॉल ने बिखेरा जलवा, पीएम मोदी से भी है खास कनेक्शन Haryana News & Updates

[ad_1]

फरीदाबाद: फरीदाबाद के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में इस बार इथियोपिया की एक स्टॉल सबकी नजरें खींच रही है. दूर से देखने पर ये स्टॉल बस एक आम विदेशी स्टॉल जैसी लगती है रंग-बिरंगे कपड़े, खूबसूरत हस्तशिल्प और कॉफी की खुशबू से भरी हुई. लेकिन इसके पीछे की कहानी दिलचस्प है. इस स्टॉल को वही कलाकार चला रहे हैं जिनसे कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इथियोपिया दौरे के दौरान मिले थे. इन कलाकारों ने मोदी के स्वागत में एक देशभक्ति गीत भी गाया था जिसका वीडियो खुद पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर डाला था. अब वही टीम अपनी संस्कृति और परंपरा लेकर फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में पहुंची है.

सूरजकुंड मेले में इथियोपिया का स्टॉल

इथियोपिया की बिलेंन ने Local18 से बातचीत में बताया कि उनकी स्टॉल के सारे कपड़े हाथ से बनाए जाते हैं. खास किस्म के सफेद कॉटन से ये कपड़े बनते हैं जिन पर बारीक कढ़ाई होती है. अब फैशन के हिसाब से इनमें हल्के रंग भी जोड़ दिए गए हैं लेकिन पारंपरिक सफेद कपड़े की अपनी अलग पहचान है. सफेद कपड़ों के किनारे रंग-बिरंगे बॉर्डर इन्हें और भी खास बना देते हैं. बिलेंन के मुताबिक ये कपड़े काफी टिकाऊ हैं जल्दी खराब नहीं होते.

स्टॉल पर क्या कुछ है खास

कपड़ों के अलावा, स्टॉल पर हैंडमेड कोस्टर, टी-शर्ट और छोटी-छोटी कलात्मक चीजें भी रखी गई हैं. खासकर लाल मिर्च वाली टी-शर्ट लोगों को खूब पसंद आ रही है. इसके पीछे भी एक वजह है इथियोपिया में लोगों को तीखा खाना पसंद है मिर्च वहां की संस्कृति का हिस्सा है. यही वजह है कि मिर्च वाला डिजाइन वहां भी चलता है और इंडिया में भी लोगों को भा रहा है.

इथियोपियाई कॉफी की खुश्बू

इथियोपिया की पहचान दुनिया में उसकी कॉफी की वजह से भी है और यहां स्टॉल पर इसकी खुशबू साफ महसूस होती है. पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी यहां मिल रही है जिसे लोग मजे लेकर पी रहे हैं. बिलेंन ने बताया कि उनके देश में कॉफी बनाना एक रस्म की तरह है. इसमें दो घंटे तक लग जाते हैं. वे अपने साथ कच्चे कॉफी बीन्स लाती हैं जिन्हें मौके पर ही ग्राइंड करके, कोयले पर बनाती हैं. इसी वजह से इसका स्वाद और महक दोनों कमाल के होते हैं. इथियोपिया में ये कॉफी करीब 1500 रुपये में बिकती है लेकिन मेले में ये आपको लगभग 750 रुपये में मिल जाएगी इंडियन करेंसी के हिसाब से.

भारत से है खास लगाव

बिलेंन ने मुस्कुराते हुए बताया कि उन्हें भारत से खास लगाव है. बचपन से ही लोग उन्हें इंडिया की फैन बुलाते थे. हिंदी फिल्मों के जरिए उन्होंने हिंदी सीखी और अब वो काफी अच्छी हिंदी बोल लेती हैं. मेले में आने वाले लोग इस बात से भी खासा प्रभावित होते हैं.

दोनों देशों की संस्कृति में भी कई समानताएं

वहीं Hailu Melkamu के लिए प्रधानमंत्री मोदी से मिलना उनकी जिंदगी का बड़ा लम्हा रहा. उन्होंने बताया कि जब पीएम मोदी इथियोपिया आए थे और उनसे मिले तब वे बेहद खुश हुए. भारत के लिए गाया उनका देशभक्ति गीत प्रधानमंत्री को इतना पसंद आया कि उन्होंने आशीर्वाद भी दिया. Hailu मानते हैं कि भारत और इथियोपिया के बीच रिश्ते काफी अच्छे हैं और दोनों की संस्कृति में भी कई समानताएं हैं जैसे भारत में बड़ों का सम्मान वैसे ही इथियोपिया में भी. परिवार और समाज के साथ जुड़कर रहने की भावना भी दोनों जगह दिखती है.

उन्होंने ये भी बताया कि इथियोपिया में लोग दिवाली और होली जैसे भारतीय त्योहार भी मनाते हैं. भारत के लिए उनका प्यार बस यहीं नहीं रुकता…

[ad_2]