[ad_1]
पंजाब पुलिस के 72 घंटे के ‘ऑपरेशन प्रहार’ में अब तक गैंगस्टरों के 2500 सहयोगी पकड़े गए हैं। स्पेशल DGP अर्पित शुक्ला ने कहा कि वॉर ऑन गैंगस्टर मुहिम को 48 घंटे बीत चुके हैं। पहले 24 घंटे में 1,314 और दूसरे 24 घंटे में बुधवार को गैंगस्टरों के 1,186 सहयोगी और साथियों को पकड़ा गया है। उन्होंने ऐलान किया कि कोई भी व्यक्ति अपराध और आपराधिक गतिविधि के बारे में पंजाब पुलिस की गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर सूचना दे सकता है। अगर उस इन्फॉर्मेशन पर गैंगस्टर या अन्य अपराधी पकड़ा गया तो उसे 10 लाख रुपए का ऐलान दिया जाएगा। वहीं ऑपरेशन प्रहार के दूसरे दिन फाजिल्का और पटियाला में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़ हुई। पटियाला में संगरूर-पटियाला बाईपास पर पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर हरजिंदर सिंह लाडी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से गैंगस्टर लाडी घायल हो गया। जिसके बाद उसे अरेस्ट कर लिया गया। फाजिल्का में कोर्ट कॉम्पलैक्स में युवक की हत्या करने वाले बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से बदमाश प्रितपाल सिंह घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती करवा दिया। वहीं, पटियाला रेंज के DIG कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके पास से अवैध हथियार बरामद किया है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत पूरी रेंज से 126 लोगों को गिरफ्तार किया है। अकेले पटियाला में 60 लोगों को अरेस्ट किया है। बता दें कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मंगलवार को 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार शुरू किया था। इस ऑपरेशन में 12 हजार पुलिस मुलाजिमों और अफसरों की 2 हजार पुलिस टीमें उतारी गईं। कल ऑपरेशन प्रहार का आखिरी दिन होगा। पहले दिन गैंगस्टरों के 1314 सहयोगी पकड़े
पंजाब पुलिस ने पहले दिन राज्यभर में विदेश-आधारित गैंगस्टरों के 1314 सहयोगियों और साथियों को हिरासत में लिया है। सभी से बारीकी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आज सुबह से ऑपरेशन जारी है। मोहाली, बठिंडा, जालंधर, अमृतसर, तरनतारन, मोगा समेत सभी जिलों में पुलिस एक्टिव है। कोशिश यही है कि इस ऑपरेशन से गैंगस्टरों की कमर तोड़ी जाए। गैंगस्टर एक्टिविटीज पर नजर, हेल्पलाइन नंबर जारी
ऑपरेशन के तहत पूरे स्टेट में गैंगस्टर, उनके साथियों और उनकी एक्टिविटीज में शामिल परिवार के लोगों की जांच कर रही हैं। गैंगस्टरों के बारे में सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 भी जारी किया। पुलिस के ऑपरेशन प्रहार शुरू करते ही बीते दिन अमृतसर, जालंधर और मंडी गोबिंदगढ़ में एनकाउंटर किए। डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि अमृतसर में कुख्यात गैंगस्टर मनी प्रिंस का एनकाउंटर किया था, जिसपर करीब 50 मामले दर्ज थे। घरिंडा थाना क्षेत्र में मनी को पकड़ने की कोशिश की गई थी। इसी दौरान उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मनी की मौत हो गई। गैंगस्टरों को लेकर DGP गौरव यादव की अहम बातें… 60 गैंगस्टर, उनके सहयोगी और परिवार मैप किए
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि राज्य में सक्रिय मुख्य गैंगस्टरों की पहचान की गई है, जिनमें से कई विदेशों में बैठे हैं। पुलिस ने इन गैंगस्टरों से जुड़े सैकड़ों सक्रिय सहयोगियों और पारिवारिक सदस्यों को भी मैप किया है। निगरानी और कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर दबिश और पूछताछ कर रही हैं। परिवार की संलिप्तता मिलने पर भी कार्रवाई
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी गैंगस्टर के परिवार के सदस्य की भूमिका किसी भी आपराधिक गतिविधि में पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठे अपराधी खुद को सुरक्षित न समझें। साथ ही, भटके हुए युवाओं से मुख्यधारा में लौटने की अपील की गई है। ट्रैवल एजेंट और क्रिमिनल फाइनेंसिंग पर शिकंजा
पुलिस क्राइम फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग के नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। ड्रग तस्करी से जुड़ी संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। गैंगस्टरों से जुड़े एसेट्स और बिजनेस पर भी कार्रवाई की जा रही है। अवैध तरीके से अपराधियों को विदेश भेजने वाले ट्रैवल एजेंटों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। विदेशों में बैठे गैंगस्टर भारत लाने की प्रक्रिया तेज
डीजीपी ने बताया कि ओवरसीज फ्यूजीटिव ट्रैफिकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (OFTEC) का गठन किया गया है, जो विदेशों में बैठे अपराधियों की पहचान, डिपोर्टेशन और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर काम करेगा। कई गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि अन्य मामलों में प्रयास जारी हैं। सोशल मीडिया पर अपराध के प्रचार पर कार्रवाई
पुलिस हथियारों के प्रदर्शन और अपराध के महिमामंडन से जुड़े सोशल मीडिया कंटेंट पर सख्त कार्रवाई कर रही है। बड़ी संख्या में आपत्तिजनक पोस्ट हटवाई गई हैं और कई अकाउंट बंद कराए गए हैं। अन्य राज्यों और जेलों तक फैलेगा ऑपरेशन
गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई केवल राज्य तक सीमित नहीं रहेगी। अन्य राज्यों में भी दबिश दी जाएगी। जेलों के भीतर से अपराध संचालित करने वालों पर रोक लगाने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें जेल सुरक्षा और सुधारात्मक उपाय शामिल हैं।
[ad_2]
स्पेशल DGP बोले- गैंगस्टर पकड़वाओ, ₹10 लाख इनाम पाओ: ऑपरेशन प्रहार के दूसरे दिन पटियाला-फाजिल्का में मुठभेड़; 48 घंटे में 2,500 सहयोगी-साथी गिरफ्तार – Mohali News


