[ad_1]
शांति नगर इलाके में बुधवार रात करीब 9 बजे सात-आठ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते जजपा के जिला सचिव योगेश आर्य के साले हैप्पी नागपाल के घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उनकी कार तोड़ी, फिर घर पर पथराव किया।
शोर सुनकर रसोई में खाना बना रही हैप्पी की पत्नी जीनत बाहर निकलीं, तो एक युवक ने गंडासी से उस पर हमले का प्रयास किया। जीनत ने भागकर अपनी जान बचाई। वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। हैप्पी नागपाल की पत्नी जीनत ने बताया कि हैप्पी ने करीब डेढ़ साल पहले एक युवक को ब्याज पर रुपये दिए थे, जो अब तक वापस नहीं आए हैं।
इस पर उन्होंने कई बार एचटीएम थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस पर हमलावरों का मनोबल इतना बढ़ गया कि वे सीधे उनके घर पर हमला करने पहुंच गए। जीनत ने बताया कि रात करीब 9 बजे युवकों ने उनकी कार को ईंट और पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर के गेट पर कुल्हाड़ी और ईंटों से हमला किया। जब आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर मौके से भाग गए।
शाम को करीब छह बजे से घर के चक्कर काट रहे थे हमलावर
जीनत ने बताया कि उनके पति जब बाजार में गए थे। इस दाैरान हमलावर के बेटे ने धमकी दी कि तुमने मेरे पापा को फोन पर क्या कहा? आज तुम नहीं बचोगे। हैप्पी ने उसे शांतिपूर्वक जवाब दिया कि मैंने कुछ नहीं कहा, तुम रिकॉर्डिंग सुन सकते हो। इसके बाद हैप्पी अपने घर लाैटे और पुलिस को मामले की शिकायत दी।
हालांकि, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि हमलावर शाम करीब छह बजे से उनके घर के आसपास चक्कर काट रहे थे। वहीं, पुलिस प्रवक्ता विकास का कहना है कि दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। एक पक्ष की गाड़ी के शीशे टूटे हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच जारी है।
[ad_2]
Hisar: शांति नगर में जजपा नेता के साले के घर पथराव… रंजिश में कार के तोड़े शीशे, पत्नी ने भागकर बचाई जान


