[ad_1]
चंडीगढ़ में अगले साल होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को माध्यम बनाया है। इसी कड़ी में ‘आइडियाज बैंक’ की अवधारणा के तहत एक वेब पोर्टल लॉन्च किया गया है। www.chdnext.com के माध्यम से कांग्रेस चंडीगढ़ के नागरिकों से उनके सुझाव और मुद्दे एकत्र करेगी। प्राप्त होने वाले सुझावों पर चुनावी रणनीति के तहत विचार किया जाएगा और शहरवासियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सांसद स्तर पर कार्य किया जाएगा। इस पहल की जानकारी चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता में दी। इस दौरान सांसद मनीष तिवारी ने बताया कि चंडीगढ़ में करीब 6 लाख 47 हजार मतदाता हैं, जबकि शहर की आबादी लगभग 17 लाख है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों से व्यक्तिगत रूप से संवाद करना संभव नहीं है, इसलिए यह साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म नागरिकों को उपलब्ध कराया गया है। मनीष तिवारी ने यह भी स्वीकार किया कि इस पहल का लाभ आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा। आइडियाज के माध्यम से शहर के भविष्य की सोच आगे रख पाएंगे सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ के नागरिक हमेशा से जागरूक और अपने शहर के प्रति प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने कहा, “आइडियाज बैंक एक ऐसा संस्थागत माध्यम है, जिससे लोग शहर के भविष्य को लेकर अपनी सोच सीधे सामने रख सकते हैं। इन सुझावों के विश्लेषण से यह समझने में मदद मिलेगी कि शहर के सबसे अहम और व्यापक रूप से महसूस किए जा रहे मुद्दे कौन से हैं, ताकि जनप्रतिनिधि अधिक जवाबदेही के साथ काम कर सकें।” मुद्दों का चुनाव कर हल करवाने का होगा प्रयास- लक्की चंडीगढ़ टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने बताया कि यह पहल एक प्रक्रिया के तहत संचालित होगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर नियमित अंतराल पर प्रमुख मुद्दों की पहचान की जाएगी और कांग्रेस अपने प्रयास शहर के सबसे जरूरी विषयों पर केंद्रित करेगी। कमेटी के अनुसार, ‘आइडियाज बैंक’ पूरी तरह समावेशी होगा और छात्रों, पेशेवरों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA), व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों और सिविल सोसाइटी संगठनों सहित समाज के सभी वर्गों के लिए खुला रहेगा। प्राप्त सुझावों को श्रेणियों में बांटकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर पैरवी, नीति-विमर्श और भविष्य की पहल में उपयोग किया जाएगा।
[ad_2]
चंडीगढ़ में निगम चुनाव से पहले कांग्रेस एक्टिव: लोगों से जुड़ने पोर्टल लॉन्च, सांसद तिवारी बोले-जनता के आइडिया से तय होंगे एजेंडे – Chandigarh News

