Hisar News: विवाह से बड़ा संकल्प बना बेजुबान पशुओं की सेवा, डिफेंस कॉलोनी के रोहताश 15 साल से घायल पशुओं का रहे हैं इलाज Latest Haryana News

[ad_1]

हिसार। कहा जाता है कि खुद के लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन सार्थक जीवन वही होता है जो दूसरों के काम आए। मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव सूरतपुरा के रहने वाले और वर्तमान में डिफेंस कॉलोनी निवासी रोहताश ने इस कथन को अपने जीवन में चरितार्थ कर दिखाया है। उन्होंने अपना पूरा जीवन बेजुबान पशुओं की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। अपने संकल्प में कोई बाधा न आए, इसलिए उन्होंने विवाह भी नहीं किया।

रोहताश अब तक हजारों घायल और बीमार पशुओं का इलाज कर उन्हें नई जिंदगी दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह दसवीं के बाद पढ़ाई जारी नहीं रख सके। रोजगार की तलाश में वह हिसार आए। बचपन से ही पशुओं के प्रति लगाव होने के कारण उन्होंने शुरुआत में गोशालाओं में काम किया। इसी दौरान उनका संपर्क गोपुत्र संपत्त सिंह से हुआ, जिन्होंने उन्हें घायल पशुओं की सेवा के लिए प्रेरित किया। बाद में पशु चिकित्सक डॉ. संजय ढाका से प्रशिक्षण लेकर उन्होंने पट्टी करना, इंजेक्शन लगाना सहित प्राथमिक उपचार की जानकारी हासिल की।

शुरुआत में रोहताश अपने खर्च पर पशुओं का इलाज करते थे और इलाज के बाद घायल गायों को गोशालाओं तक पहुंचाया जाता था। धीरे-धीरे लोगों को उनके कार्य की जानकारी हुई और समाज से आर्थिक सहयोग मिलने लगा, जिससे वह लगातार बेजुबान पशुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।


वर्ष 2021 में पंजीकृत करवाई संस्था

वर्ष 2021 में मैंने एनीमल एड फाउंडेशन के नाम से अपनी संस्था को पंजीकृत करवाया। इस संस्था में हम 15 से 20 लोग हैं, जो कॉल आने पर फील्ड में दौड़ते हैं। हम शहर और इसके आसपास 10 से 15 किलोमीटर का एरिया कवर करते हैं। मैं घायल पक्षियों व बंदरों को इलाज के लिए अपने घर में रखता हूं।


पशुओं के लिए शेल्टर होम बनाना चाहता हूं

अगर मैं शादी करता तो इन पशुओं को इतना समय नहीं दे पाता, जितना समय आज मैं इन्हें दे रहा हूं। हालांकि मेरे परिवार वालों ने मुझ पर शादी करने के लिए काफी दबाव डाला था। मगर मैंने उन्हें साफ-साफ बता दिया। अब मैं छोटे जानवरों के लिए एक शेल्टर होम बनाना चाहता हूं। इसके लिए मुझे लोगों के सहयोग की जरूरत पड़ेगी। – रोहताश, प्राणी प्रेमी।

[ad_2]
Hisar News: विवाह से बड़ा संकल्प बना बेजुबान पशुओं की सेवा, डिफेंस कॉलोनी के रोहताश 15 साल से घायल पशुओं का रहे हैं इलाज