Rewari News: चार नई पीएचसी पर खर्च होंगे 14.50 करोड़ रुपये, टेंडर जारी Latest Haryana News

[ad_1]

रेवाड़ी। जिले के नाहड़, जाटूसाना और धारूहेड़ा ब्लॉक में चार नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निर्माण किया जाएगा। गुड़ियानी, जाटूसाना, बख्तापुर और लिलोढ़ गांव में पीएचसी के निर्माण पर 14.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।

नाहड़ ब्लॉक के गुड़ियानी गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 3.50 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। अभी ये पीएचसी धर्मशाला में चल रही है।

गांव गुड़ियानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे थे। इस पीएचसी के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

जाटूसाना ब्लॉक के जाटूसाना गांव में पीएचसी निर्माण के लिए टेंडर निकाला गया है। इसकी अनुमानित लागत 3.77 करोड़ रुपये रखी गई है। अभी ये पीएचसी पंचायत भवन में चल रही है। जाटूसाना क्षेत्र में आबादी अपेक्षाकृत अधिक है और यहां स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार दबाव बना रहता है। पीएचसी बनने से सरकारी स्वास्थ्य तंत्र को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को रेवाड़ी शहर या निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

तीसरा टेंडर गांव बख्तापुर (ब्लॉक धारूहेड़ा) में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए जारी किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 3.60 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से सटा होने के कारण यहां जनसंख्या घनत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बख्तापुर क्षेत्र में पीएचसी का निर्माण न केवल ग्रामीणों बल्कि आसपास के श्रमिकों और कामगारों के लिए भी स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाएगा।

चौथा टेंडर गांव लिलोढ़ (ब्लॉक नाहड़) में पीएचसी निर्माण के लिए जारी किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 3.59 करोड़ रुपये तय की गई है। अभी ये पीएचसी पंचायत घर में चल रही है। नाहड़ ब्लॉक के इस क्षेत्र में अभी तक सीमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। पीएचसी का निर्माण होने से स्थानीय लोगों को समय पर इलाज, टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी।


सभी टेंडरों की अंतिम तिथि 1 जनवरी

इन सभी टेंडरों की अंतिम तिथि 1 जनवरी 2026 रखी गई है। इसके बाद पात्र ठेकेदारों की ओर से निविदाएं जमा की जाएंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है। इन स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुसार किया जाएगा, जिसमें ओपीडी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष, स्टाफ रूम और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं शामिल होंगी।


पीएचसी भाड़ावास को सीएचसी में किया जाएगा अपग्रेड

सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाड़ावास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी गई है। इस निर्णय से भाड़ावास क्षेत्र और आसपास के गांवों की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। भाड़ावास पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड किए जाने से आम लोगों को अब गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थिति में दूर शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अपग्रेडेशन के बाद इस केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टर, अत्याधुनिक जांच सुविधाएं, इमरजेंसी सेवाएं, अधिक बेड क्षमता और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवा मिल सकेगी।


वर्जन

गांव लिलोढ़ समेत अन्य गांवों में पीएचसी का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। गांव लूखी में सब हेल्थ सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।-विरेंद्र, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग।

[ad_2]
Rewari News: चार नई पीएचसी पर खर्च होंगे 14.50 करोड़ रुपये, टेंडर जारी