जींद। अलेवा के राजकीय महाविद्यालय में एंटी ड्रग सेल और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में नशे के दुष्प्रभाव पर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अध्यक्षता एंटी ड्रग सेल के इंचार्ज चांद राम ने की। इसमें मुख्य तौर पर कार्यकारी प्राचार्या सुनीता दुग्गल ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में अंजलि प्रथम, टिंकू द्वितीय व अन्नू ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में कार्यकारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहना चाहिए। नशा करने वाले मनुष्य का शरीर अंदर से खोखला होने के अलावा समाज में भी ऐसे व्यक्ति को लोग नफरत से देखते है।
नशा मनुष्य का जीवन ही नही बर्बाद करता बल्कि समाज में मान सम्मान भी समाप्त कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली। इस मौके पर डॉ. मनोज कुमार व दिनेश कुमार समेत कालेज का लगभग समस्त स्टाफ मौजूद रहा।