[ad_1]
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को शहर में आ रहे हैं। उनके आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने रिहर्सल की। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक शहर के लोग जाम में फंसे रहे। बुधवार के लिए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। साथ ही लोगों से प्रमुख मार्गों पर निकलने से बचने की अपील की है।
मंगलवार को मनीमाजरा-एमडीसी रोड, डॉल्फिन चौक-सकेतड़ी, मनसा देवी-सकेतड़ी और चंडीगढ़-सिंहद्वार मार्ग, सेक्टर-6, 7 गीता चौक से सेक्टर-5 बस स्टैंड ट्रैफिक लाइट, इंद्रधनुष ऑडिटोरियम के आसपास कुछ समय के लिए पुलिस ने यातायात रोका गया। रिहर्सल के दाैरान पुलिस ने आने वाली समस्याओं को नोट किया। पुलिस की रिहर्सल से करीब डेढ़ घंटे तक लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ी। मनबीर, स्नैहिल और मनीष ने बताया कि बिना जानकारी दिए पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया। जाम में एक घंटे से अधिक समय तक वह फंसे रहे। सेक्टर-5 धरना ग्राउंड से गीता चाैक तक रास्त बंद होने के कारण परेशानी हुई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को पंचकूला में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृहमंत्री दोपहर में सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम पहुंचेंगे और शाम तक शहर में रहेंगे। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए पंचकूला पुलिस व प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जनता से अपील है कि बुधवार को दोपहर के बाद अनावश्यक रूप से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर निकलने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
इन मार्गों पर आवागमन से बचें
सेक्टर-5 इंद्रधनुष ऑडिटोरियम के आसपास सिंहद्वार से सेक्टर-6/7 लाइट पाॅइंट, गीता चौक होते हुए सेक्टर-5/8, 5/9 व 5/10 की ओर जाने वाला मार्ग, सेक्टर-5/4 की डिवाइडिंग रोड से सेक्टर-4 ट्रैफिक लाइट पाॅइंट, पंचकूला-यमुनानगर हाईवे से डंपिंग ग्राउंड होते हुए स्टेडियम मार्ग, सेक्टर-3 ताऊ देवी लाल स्टेडियम व आसपास, सकेतड़ी से एमडीसी मार्ग, डॉल्फिन चौक व माता मनसा देवी मंदिर से सकेतड़ी जाने वाले रास्ते व सिंहद्वार से ओल्ड पंचकूला की ओर जाने वाली सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-21 के वाहन चालक शहर की ओर जाने के लिए सेक्टर-20/21 डिवाइडिंग रोड व सेक्टर-12ए रैली चौक के रास्ते का प्रयोग करें।
स्वास्थ्य व सुरक्षा के विशेष इंतजाम
गृहमंत्री के आगमन के मद्देनजर पंचकूला जनरल अस्पताल में सेफ हाउस तैयार किया गया है। चार-चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की दो टीमें, फार्मासिस्ट व लैब टेक्नीशियन तैनात किए गए हैं। ब्लड बैंक को अलर्ट पर रखा गया है और पीजीआई व जीएमसीएच-32 के डॉक्टरों को भी सतर्क किया है। वहीं सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेस्ट हाउस की हालिया बुकिंग की भी सुरक्षा जांच की जा रही है। पुलिस व प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
[ad_2]
पंचकूला में कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित का दौरा: ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन प्रमुख मार्गों पर निकलने से बचें

