हांसी (हिसार)। ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन के तहत पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक पांच हजार रुपये का इनामी आरोपी चार साल से वांछित था। साथ ही अभियान के दौरान वीरवार को गांव सिसाय बोलान, गांव डाटा व गांव मसूदपूर में बस अड्डों, संदिग्ध रास्तों, खाली स्थानों व खंडहरों में जांच की गई।
सीआईए स्टाफ पुलिस ने एक कट्टा व 3 कारतूस के सप्लायर यूपी के हाथरस के बासगोई निवासी रोहित को गिरफ्तार किया है। मुख्य सिपाही एवं जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी ने गत दिनों पहले बोगा राम कॉलोनी निवासी तरुण को अवैध हथियार व कारतूस सप्लाई किया था। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में आर्म्स अधिनियम के तहत अभियोग अंकित हुआ था।
इसके अलावा चाल साल से फरार अवैध हथियार सप्लायर 5,000 रुपये का इनामी आरोपी अलीगढ़ के नागला खेम निवासी आशीष को गिरफ्तार किया गया है। एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2021 में हिसार के किरतान निवासी अशोक उर्फ गोधू को 2 कट्टे व 8 कारतूस सप्लाई किए थे। आरोपी के खिलाफ थाना शहर हांसी में आर्म्स अधिनियम के तहत अभियोग अंकित हुआ था। आरोपी इस अभियोग में चार साल से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि समाज की सुरक्षा तभी संभव है जब पुलिस और जनता दोनों मिलकर जिम्मेदारी निभाएं।