भिवानी: पुलिस के साथ शहर के बाजारों में उतरा नगर परिषद दस्ता, चबूतरों पर चली जेसीबी Latest Haryana News

[ad_1]


शहर के फुटपाथों पर काबिज दुकानदारों के अतिक्रमण को हटवाने के लिए सोमवार दोपहर बाद घंटाघर से शहर थाना पुलिस के साथ नगर परिषद ने अभियान चलाया। इस अभियान में शामिल जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ करीब 20 कर्मचारियों ने फुटपाथ पर रखे दुकानदारों के सामान को जब्त किया। वहीं, बाहर बनाए गए पक्के चबूतरों को भी जेसीबी ने तोड़ डाला। जिसका मलबा फैलने से राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने से पहले दुकानदारों को अल्टीमेटम भी दिया था। अतिक्रमण हटाने के दौरान सामान जब्त कर रहे नप कर्मचारियों के साथ दुकानदारों की झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक नहीं चली।

सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे नगर परिषद का दस्ता अतिक्रमण हटवाने के लिए घंटाघर से सराय चौपटा की तरफ बढ़ा। इस दौरान दुकानों के आगे रखे सामान को नगर परिषद कर्मचारियों ने उठाकर ट्रैक्टर ट्राली में डालना शुरू किया तो बाकी दुकानदार खुद ही अपना सामान समेटते नजर आए। ऐसे में कई दुकानदार तो सामान खुद अंदर रखने का अनुरोध अधिकारियों के सामने करते रहे, लेकिन कर्मचारियों ने झट से सामान उठाया और ट्रैक्टर ट्राली में डाल दिया और फिर आगे बढ़ गए। घंटाघर से सराय चौपटा तक के बाजार में तीन से चार चबूतरों पर भी जेसीबी चलाई गई। इसके बाद सराय चौपटा से किरोड़ीमल मंदिर बाजार में दुकानों के आगे अतिक्रमण हटवाया। यहां बाजार की सड़क अतिक्रमण की वजह से काफी संकरी हो चुकी थी। अतिक्रमण हटवाने के बाद एक बार सड़क खुली-खुली नजर आई। जिसमें वाहनों को भी आसानी से ले जाया जा सकता था। लेकिन नप दस्ता आंखों से औझल होते ही दुकानदारों ने फिर से अपना सामान बाहर रखना शुरू कर दिया।

[ad_2]
भिवानी: पुलिस के साथ शहर के बाजारों में उतरा नगर परिषद दस्ता, चबूतरों पर चली जेसीबी