Sirsa News: आज और कल सरकारी चिकित्सकों की हड़ताल, विभाग आईएमए से लेगा मदद Latest Haryana News

[ad_1]

सिरसा। हरियाणा मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन ने आठ और नौ दिसंबर को दो दिन की पूर्ण हड़ताल का आह्वान किया है। सरकार चिकित्सकों की मांगों पर मंथन कर रही है। वहीं हड़ताल के दौरान नागरिक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की मदद ली जा रही है। डेरा सच्चा सौदा अस्पताल से चिकित्सकों की टीमें व्यवस्था को संभालेगी।

अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि हर स्तर पर व्यवस्था बनाने का प्रयास रहेगा। सिविल सर्जन प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन सेवाएं व ओपीडी सामान्य रूप से जारी रहेगी। वहीं, हड़ताल के चलते सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

कंसल्टेंट, एनएचआरएम के कर्मचारी, आरबीएसके के कर्मचारी, डीआरपी व सीएचओ स्टाफ सहित डीएनबी रेजिडेंट, एमएमयू ईएसआई व आयुष विभाग के चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगें। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से आईएमए के चिकित्सकों से अपील की गई है कि ओपीडी, लेबर रूम, ट्रामा और गंभीर मामलों में सहायता प्राप्त करेगा।

डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और स्टाफ को हेडक्वार्टर पर उपलब्ध रहने के आदेश हैं।


ये सेवाएं रहेंगी जारी

आठ और नौ दिसंबर को हड़ताल के दौरान ओपीडी, इमरजेंसी, इंडोर वार्ड, लेबर रूम, नर्सरी, आईसीयू-एचडीयू, फार्मेसी, मेडिको-लीगल व पोस्टमार्टम जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तरह चलेंगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किया जाएगा।


निजी व सूचीबद्ध अस्पतालों से भी डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे

पीएमजेएवाई और अन्य सरकारी सूचीबद्ध निजी अस्पतालों से संपर्क कर जरूरत पड़ने पर उनके डॉक्टरों को भी सरकारी अस्पतालों में प्रतिनियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी डॉक्टरों की सूची रोस्टर में शामिल की जाएगी।


ड्यूटी से अनुपस्थित होने पर कार्रवाई का प्रावधान

जारी निर्देशों के अनुसार जो भी चिकित्सक ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रोबेशन पीरियड पर कार्यरत डॉक्टर भी इसमें शामिल रहेंगे। आयुष, ईएसआई व श्रम विभाग के डॉक्टरों की तैनाती आयुष चिकित्सकों को जरूरत अनुसार विभिन्न सेवाओं में लगाया जाएगा। ईएसआई व श्रम विभाग के चिकित्सकों को ओपीडी व फार्मेसी सेवाओं में लगाया जाएगा, ताकि पुराने रोगियों को नियमित दवाइयां मिल सकें।

एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे जारी रहेगी

अस्प्ताल में आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल में लाने व ले जाने के लिए एंबुलेंस सेवा पुरी तरह से जारी रहेगी। सभी एंबुलेंस चालकों को सख्ती से हिदायत जारी कर दी गई है। हड़ताल के दौरान किसी भी मरीज को एंबुलेंस की परेशानी न आए, इसके लिए यह व्यवस्था की जाएगी।


इमरजेंसी में वरिष्ठ डॉक्टर रहेंगे तैनात

जिन वरिष्ठ कंसल्टेंट्स को सामान्यतः विशेष वीआईपी ड्यूटी आदि से छूट रहती है, उन्हें इस अवधि में इमरजेंसी और मेडिको-लीगल मामलों में सेवा देने को कहा गया है। वहीं जिला स्तर पर सिविल सर्जन कार्यालय में सीएमओ की अध्यक्षता में पीएमओ, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सुपरिटेंडेंट और डेटा एंट्री ऑपरेटर की टीम के साथ एक वॉर रूम स्थापित किया गया है जो हड़ताल के दौरान होने वाले हालात की निगरानी करेगा।


चिकित्सकों की हड़ताल को लेकर नागरिक अस्पताल में व्यवस्थाएं बना दी गई है। इसमें पहले जैसे सेवाएं जारी रहती है उसी प्रकार से सेवाएं जारी रहेंगी। मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। डॉ. प्रमोद कुमार, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल।

[ad_2]
Sirsa News: आज और कल सरकारी चिकित्सकों की हड़ताल, विभाग आईएमए से लेगा मदद