[ad_1]
कीव/ मास्को5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस-यूक्रेन जंग को खत्म करने के लिए 28-सूत्रीय शांति फ्रेमवर्क तैयार किया है। यह फ्रेमवर्क अमेरिकी सेना सचिव डैन ड्रिस्कॉल के यूक्रेन यात्रा के दौरान सामने आया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इसमें यूक्रेनी सुरक्षा गारंटियों का जिक्र है, लेकिन साथ ही यूक्रेन से जमीन छोड़ने, सेना की संख्या कम करने और नाटो को यूक्रेन में सैनिक भेजने से रोकने की भी मांग की गई है।
अमेरिका ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी ऐसी किसी शांति योजना के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं, जेलेंस्कीं ने इस प्रस्ताव को लेकर शुरूआती सहमति जताई है।
हालांकि, कई अमेरिकी समाचार आउटलेट्स ने सूत्र के हवाले से इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी डिजिटल समाचार आउटलेट एक्सियोस और ब्रिटेन के फाइनेंशियल टाइम्स ने बुधवार को सबसे पहले इस योजना के बारे में बताया।

ट्रम्प और जेलेंस्की ने 17 अक्टूबर को व्हाइट हाउस में बंद कमरे में मुलाकात की थी।
सुरक्षा गारंटी के बदले यूक्रेन को सेना छोटी करने का प्रस्ताव
ट्रम्प प्रशासन ने साफ किया है कि, दोनों पक्षों को समझौते करने होंगे। ‘पीबीएस न्यूज आवर’ मीडिया को मिले 28-सूत्रीय योजना के मुताबिक इस फ्रेमवर्क में न केवल यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी शामिल है, बल्कि रूस की लंबे समय से चली आ रही मांगे भी शामिल हैं।
इसमें कहा गया है कि, यूक्रेन को अपनी सेना का आकार सीमित करना होगा। नाटो को यूक्रेन में कोई भी सैनिक भेजने की अनुमति नहीं होगी। यूक्रेन को डोनेट्स्क क्षेत्र का वह हिस्सा छोड़ना होगा जिस पर उसका अभी भी नियंत्रण है और जिस पर रूस 11 साल के युद्ध के बावजूद कब्जा नहीं कर पाया है।
उस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रूसी क्षेत्र के रूप में मान्यता दी जाएगी। इससे रूस को पूरे डोनबास इलाके पर नियंत्रण मिल जाएगा। इसके बाद अमेरिका डोनबास, क्रीमिया और जापोरिज्जिया और खेरसॉन के कब्जे वाले हिस्सों को वास्तविक रूसी क्षेत्र के रूप में मान्यता देगा।
इसके अलावा, नाटो भविष्य में यूक्रेन को शामिल नहीं करेगा। अमेरिका रूस पर लगे प्रतिबंधों को चरणबद्ध तरीके से और हर मामले के आधार पर हटाएगा।
प्लान के मुताबिक दोनों पक्षों को उनका हरकतों के लिए माफी दी जाएगी। साथ ही फ्रीज रूसी संपत्तियों से 100 अरब डॉलर यूक्रेन का पुनर्निर्माण के लिए मिलेगा। रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसके लिए शुरूआती सहमति दे दी है।

प्रस्तावों पर बातचीत करने के लिए तैयार हुए जेलेंस्की
21 नवंबर को अमेरिकी सेना अधिकारियों से कीव में मुलाकात के दौरान जेलेंस्की ने कहा- हम इस बात पर सहमत हुए कि हमारी टीमें इन प्रस्तावों पर बातचीत और काम करेंगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ये सभी प्रस्ताव सच हैं। फिलहाल, हम कोई पक्का वादा नहीं करेंगे, हम स्पष्ट और ईमानदार काम के लिए तैयार हैं।
हालांकि, उन्होंने शर्तों पर फिर से विचार करने की मांग की है। दूसरी ओर जेलेंस्की ने यह भी कहा कि सिर्फ अमेरिका और ट्रम्प के पास ही जंग को खत्म करने की ताकत है।
वहीं, यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने कहा, “किसी भी योजना के लिए यूक्रेन और यूरोप को शामिल करना जरूरी है।” अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने X पर लिखा,’अमेरिका इस संघर्ष के दोनों पक्षों से मिले इनपुट के आधार पर इस जंग को खत्म करने के लिए संभावित विचारों पर काम करना जारी रखेगा।’

15 अगस्त को पुतिन और ट्रम्प ने करीब 3 घंटे तक बंद कमरे में मुलाकात की।
ट्रम्प का 28-सूत्री फ्रेमवर्क
यह 28-सूत्री योजना ट्रम्प प्रशासन की गाजा युद्ध समाप्ति योजना से प्रेरित बताई जा रही है। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने अक्टूबर में रूसी RDIF प्रमुख किरिल दिमित्रीव के साथ तीन दिनों की बैठक की, जहां इस ड्राफ्ट पर चर्चा हुई।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह योजना दोनों पक्षों (रूस और यूक्रेन) से इनपुट लेकर तैयार की गई है, लेकिन यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया है कि उन्हें इसमें शामिल नहीं किया गया।
संभावित योजना को चार पार्ट में बांटा गया है-
1-7: यूक्रेन में शांति (क्षेत्रीय और सैन्य व्यवस्था)
- क्रीमिया का पूर्ण रूसी नियंत्रण: यूक्रेन क्रीमिया (2014 से रूसी कब्जे में) पर रूस का स्थायी और पूर्ण नियंत्रण मान्य करेगा।
- डोनबास सौंपना : डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्रों के शेष हिस्से (कुल 14.5% जो अभी यूक्रेन के नियंत्रण में हैं) रूस को सौंप दिए जाएंगे।
- जापोरिज्जिया और खेरसॉन में फ्रीज लाइन: इन दक्षिणी क्षेत्रों में मौजूदा युद्ध रेखा को स्थायी रूप से फ्रीज कर दिया जाएगा।
- डोनबास को डीमिलिटराइज्ड जोन: डोनबास को डीमिलिटराइज्ड घोषित किया जाएगा, जहां न यूक्रेन न रूस सैनिक तैनात कर सकेगा।
- यूक्रेनी सेना का आकार सीमित: यूक्रेन की सेना को 60% तक कम करना होगा (अधिकतम 4 लाख सैनिक)।
- लंबी दूरी के हथियारों पर प्रतिबंध: यूक्रेन लंबी दूरी के मिसाइलों और रूस पर हमला करने वाले अन्य उन्नत हथियारों का उपयोग या रखरखाव नहीं कर सकेगा।
- सैन्य वापसी: यूक्रेन डोनबास से अपनी सेनाओं को पूरी तरह वापस ले लेगा।
8-14: सुरक्षा गारंटी (यूक्रेन और यूरोप के लिए)
- अमेरिकी सुरक्षा गारंटी: अमेरिका यूक्रेन को भविष्य के रूसी आक्रमण से बचाने के लिए नाटो-शैली की सुरक्षा गारंटी देगा।
- यूरोपीय सुरक्षा: यूरोप को रूसी विस्तार से बचाने के लिए अमेरिका नेतृत्व में संयुक्त सुरक्षा तंत्र स्थापित होगा।
- नाटो सदस्यता पर स्थायी प्रतिबंध: यूक्रेन हमेशा के लिए नाटो में शामिल न होने का लिखित वादा करेगा।
- पश्चिमी शांति सेना पर रोक: युद्धविराम के बाद नाटो या पश्चिमी देशों की शांति सेना यूक्रेन में तैनाती पर पूर्ण प्रतिबंध।
- रूसी भाषा और चर्च के अधिकार: यूक्रेन में रूसी भाषा, मीडिया और रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के अधिकारों की गारंटी दी जाएगी।
- मीडिया और शिक्षा से प्रतिबंध हटेंगे: यूक्रेन और रूस दोनों देश रूसी/यूक्रेनी मीडिया और शिक्षा पर किसी भी भेदभावपूर्ण प्रतिबंध को हटाएंगे।
- युद्ध अपराधों पर सामान्य क्षमा: सभी पक्षों को युद्ध के दौरान की कार्रवाइयों पर सामान्य क्षमा मिलेगी (रूसी अधिकारियों और सैनिकों पर युद्ध अपराध मुकदमों पर रोक)।
15-21: यूरोप में सुरक्षा (क्षेत्रीय स्थिरता)
- यूरोपीय संघ की भूमिका: यूरोपीय संघ को शांति प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा, लेकिन सैन्य हस्तक्षेप सीमित।
- सीमा सुरक्षा: यूक्रेन-रूस सीमा पर संयुक्त निगरानी तंत्र स्थापित।
- आर्थिक पुनर्निर्माण: रूस यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए मुआवजा देगा (डोनबास पर किराया भुगतान सहित)।
- काला सागर में नेविगेशन: काला सागर में फ्री नेविगेशन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त समझौता।
- ऊर्जा सुरक्षा: यूरोप के लिए रूसी गैस आपूर्ति पर निर्भरता कम करने के उपाय, लेकिन युद्ध के बाद बहाली।
- मानवीय सहायता: युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल मानवीय सहायता और शरणार्थी वापसी की योजना।
- चुनावों का आयोजन: शांति समझौते के 100 दिनों के भीतर यूक्रेन में स्वतंत्र चुनाव कराए जाएंगे।
22-28: भविष्य की अमेरिकी भूमिका (दीर्घकालिक संबंध)
- अमेरिका-रूस संबंध सुधार: अमेरिका और रूस के बीच आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को सामान्य करने के कदम।
- अमेरिका-यूक्रेन सहयोग: सैन्य सहायता के बजाय आर्थिक और तकनीकी सहयोग पर फोकस।
- कतर और तुर्की की मध्यस्थता: शांति प्रक्रिया में कतर और तुर्की को मध्यस्थ के रूप में शामिल।
- मॉस्को की पूर्व शर्तें: रूस की 2024 की पूर्व शर्तें (तटस्थता, क्षेत्र) को मान्यता।
- युद्धविराम: सभी पक्ष सहमत होने पर तत्काल युद्धविराम, और दोनों पक्ष तय बिंदुओं पर पीछे हटेंगे।
- निगरानी: संयुक्त आयोग (अमेरिका, रूस, यूक्रेन) समझौते की निगरानी करेंगे।
- समीक्षा: समझौते के 5 वर्ष बाद समीक्षा, जिसमें क्षेत्रीय विवादों का समाधान शामिल।
——————————–
ये खबर भी पढ़ें…
व्हाइट हाउस में पहली बार ट्रम्प-ममदानी की मुलाकात: प्रेस सचिव बोलीं- एक कम्युनिस्ट आ रहा, लेकिन देश के लिए राष्ट्रपति किसी से भी मिलेंगे

न्यूयॉर्क के होने वाले भारतीय मूल के मेयर जोहरान ममदानी शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से पहली बार फेस-टू-फेस मीटिंग करेंगे।। 4 नवंबर को न्यूयॉर्क सिटी मेयर चुनाव के बाद भी दोनों की यह पहली मुलाकात होगी। पूरी खबर पढ़ें…
[ad_2]
ट्रम्प का 28-प्वाइंट का रूस-यूक्रेन पीस प्रपोजल सामने आया: जेलेंस्की को सुरक्षा गारंटी के बदले जमीन छोड़ने, सेना घटाने का प्रस्ताव; पुतिन बोले- जानकारी नहीं



