[ad_1]
अंबाला सिटी। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब महाराज के 350वें शहीदी पर्व को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब से शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हुआ। नगर कीर्तन को अंबाला से रवाना करने के लिए सिख संगत मौजूद रही। संगत ने गुरु तेग बहादुर हिंद की चादर का जाप किया और गुरु जी की शहादत को नमन किया। इसके साथ ही अंबाला शहर से गाड़ियों में संगत नगर कीर्तन को कई किलोमीटर दूर तक छोड़ने के लिए गई।
कालका मोड़ पर परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और माथा टेका। श्री गुरु हरगोबिंद साहब सेवा सोसाइटी के प्रधान व पूर्व एचएसजीएमसी कार्यकारी सदस्य टीपी सिंह ने बताया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से श्री गुरु तेग बहादुर साहिब महाराज, भाई सतीदास, भाई मतिदास, भाई दयाला के 350 वें शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में यह नगर कीर्तन सजाया गया। यह नगर कीर्तन श्री आनंदपुर साहिब गुरुद्वारा गुरु के महल से आरंभ हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब व पांच प्यारों की छत्रछाया में यह नगर कीर्तन गुरुवार रात अंबाला शहर गुरुद्वारा मंजी साहिब पहुंचा। जहां सिख संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका। नगर कीर्तन के साथ गुरुओं से संबंधित शस्त्रों व निशानियों से सजी दो गाड़ियां भी मौजूद रही। अंबाला पहुंचने पर संगत ने फूलों की वर्षा से नगर कीर्तन का स्वागत किया।
इस दौरान हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदर्शन सिंह सहगल, कंवलजीत सिंह अजराना, एचएसजीएमसी के सदस्य रुपिंद्र सिंह पंजोखरा साहिब, एचएसजीएमसी अंबाला सदस्य गुरतेज सिंह, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब सेवा सोसाइटी के चेयरमैन मनजीत सिंह, बीएम सिंह, जेजे सिंह, भूपेंद्र सिंह चड्ढा, गुरबीर सिंह, सरिंद्रपाल सिंह, प्रीतम सिंह, मैनेजर प्रीतपाल सिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे। वहीं, नगर कीर्तन में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका, सीनियर मीत प्रधान हरविंदर सिंह केपी, मीत प्रधान आत्मा सिंह, जगदीप सिंह, धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन जगमीत सिंह मौजूद रहे। इनके साथ ही श्री गुरु तेग बहादुर साहिब सेवा सोसाइटी, कलगीधर सेवा सोसाइटी, अंबाला शहर, अंबाला कैंट आसपास के इलाकों से मौजूद संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।
गुरुवार नगर कीर्तन का ठहराव गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में किया गया। इस दौरान शहर आसपास के इलाकों से आई संगत ने नगर कीर्तन में आई संगत की सेवा की। इसके साथ ही नगर कीर्तन में पालकी सहाय पर संगत की तरफ से फूलों की सेवा भी की गई। टीपी सिंह ने बताया कि इस साल श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350 वां शहीदी पर्व बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है।
गुरमत प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को किया जाएगा सम्मानित
टीपी सिंह ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब महाराज के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब सेवा सोसाइटी की तरफ से पिछले दिनों गुरमत मुकाबले, गुरबाणी कंठ प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया था। उन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को शनिवार को स्मृति चिन्ह, प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में गतका मुकाबले भी करवाए जाएंगे। जिसमें युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शहर श्री मंजी साहिब गुरुद्वारा से नगर कीर्तन दिल्ली के लिए रवाना हुआ। प्रवक्ता– फोटो : mathura
[ad_2]
Source link



