हिसार जिले के गांव धीरणवास के रहने वाले प्रदीप कालीरावण, जो एनडीआरएफ की 7 नंबर बटालियन में तैनात थे, ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर तीन बजे तक गांव धीरणवास पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2012 में प्रदीप कालीरावण आईटीबीपी के माध्यम से एनडीआरएफ में भर्ती हुए थे। लगभग 13 वर्षों से सेवा दे रहे प्रदीप को वीरवार शाम अचानक सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां हार्ट फेल होने से उनकी मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण भटिंडा पहुंचे। परिजन संदीप धीरणवास ने बताया कि अस्पताल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद एनडीआरएफ टीम पार्थिव शरीर लेकर गांव रवाना होगी।
ग्रामीणों के अनुसार शहीद प्रदीप के माता-पिता पहले ही स्वर्गवासी हो चुके हैं। उनके पीछे आठ वर्षीय बेटा कुनाल और तीन विवाहित बहनें हैं। शहीद के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है।