भिवानी। सड़क पर अचानक नीलगाय आने से बाइक चालक दिनेश की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे गांव कलाली से झुप्पा के बीच हुआ। गंभीर हालत में चालक को अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई के बयान के आधार पर झुप्पा पुलिस ने इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार गांव कलाली निवासी 28 वर्षीय दिनेश सोमवार रात किसी काम से गांव झुप्पा जा रहा था। इस दौरान सड़क पर बाइक के सामने नीलगाय आ गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दिनेश को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक दो बेटियों का पिता था और गांव में खेती-बाड़ी का काम करता था। झुप्पा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी रामस्वरूप ने बताया कि मृतक के भाई के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल इत्तफाकिया मौत मामले कर कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।