[ad_1]
संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी (करनाल)। झमाझम बारिश के दौरान शुक्रवार को नगर में पॉलिटेक्निक के समीप खड़ी कार पर पेड़ गिर गया, जिससे कार की पिछली सीट पर बैठी देवरानी व जेठानी की मौत हो गई। कार चालक फल लेने के लिए कुछ दूरी पर खड़ी रेहड़ी पर चला गया था। इससे उसकी जान बच गई।
सूचना मिलने पर बुटाना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों ने क्रेन की मदद से दोनों महिलाओं को कार से बाहर निकाला। जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया तो वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद क्रेन की मदद से ही क्षतिग्रस्त कार को पेड़ के नीचे से निकाला गया।
गांव सांवत निवासी कृष्ण ने बताया उसकी चाची सुनहरी देवी (68) व विमला देवी (68) कार में सवार होकर रिश्तेदारी में गांव संधीर जा रहीं थीं। कार को चाची सुनहेरी का लड़का प्रवीण चला रहा था। जब वह नीलोखेड़ी पहुंचे तो बारिश हो रही थी। उन्होंने पॉलिटेक्निक के समीप एक पेड़ के नीचे कार को रोक दिया और प्रवीण पास खड़े फलों की रेहड़ी से सेब लेने के लिए कार से उतरकर चला गया।
जेठानी सुनहरी देवी और देवरानी बिमला देवी दोनों कार की पिछली सीट पर बैठी थीं। इस दौरान कार पर पेड़ गिर गया। वह कार के अनंदर ही दब गई और उनकी मौत हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार की खिड़की को तोड़कर दोनों महिला को कार से बाहर निकाला।
लोगों का कहना है कि पेड़ के गिरने से इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि अक्सर पेड़ के नीचे पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाले विद्यार्थी खड़े होते थे। यदि उस दौरान पेड़ गिर जाता तो इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने से बिजली का तार टूट गया। इससे कई घंटे तक बिजली भी प्रभावित रही।
दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पेड़ को भी सड़क से दूर कर दिया गया है। – विपिन कुमार, थाना प्रभारी बुटाना।
[ad_2]
Karnal News: खड़ी कार पर पेड़ गिरने से जेठानी-देवरानी की मौत


