सोनीपत का उद्योगपति अपहरण कांड; मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली Latest Sonipat News


सोनीपत एसटीएफ और सीआईए गोहाना पुलिस ने शनिवार तडक़े उद्योगपति अपहरण मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपी गांव निजामपुर निवासी कपिल और दीपक हैं।

पुलिस के अनुसार कपिल ने गोहाना के उद्योगपति नीटू दांगी के अपहरण की साजिश रची थी। यह वारदात 16 सितंबर को उस समय हुई जब वह जींद रोड स्थित अपने कारखाने में जा रहे थे। रास्ते में दो गाड़ियों में आए आरोपियों ने उनका अपहरण कर लिया था और खेतों में बने एक कमरे में बंधक बना लिया था। मामले में दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बाद में सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ। इस दौरान आरोपी उद्योगपति की कार से एक लाख रुपये निकालकर उन्हें छोडक़र भाग गए थे।

पुलिस नाके पर भिड़े बदमाश
शनिवार तडक़े पुलिस टीम खरखौदा रोड पर गांव सिकंदरपुर माजरा के पास नाका लगाए हुए थी। इसी दौरान दोनों आरोपी कार में वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही उन्होंने गांव बड़ौता की ओर भागने की कोशिश की। बाद में वह नीचे उतर कर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर काबू कर लिए गए।

सोनीपत का उद्योगपति अपहरण कांड; मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली