[ad_1]
चरखी दादरी। लंबे इंतजार के बाद नगर परिषद दादरी ने वीरवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सचिव गौरव शर्मा की अगुवाई में चली इस कार्रवाई के दौरान टीम ने बस स्टैंड रोड पर दोनों ओर अतिक्रमण हटाया। टीम ने करीब 60 मिनट में 700 मीटर क्षेत्र में पांच रेहड़ियों व 10 दुकानों से सामान जब्त किया। इस दौरान रेहड़ी वालों और दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन टीम ने कार्रवाई जारी रखी।
इस दौरान टीम ने फल तोलने के कांटे, जूस की दो मशीनें, साइन बोर्ड और अन्य सामान जब्त किया। कई दुकानदार व रेहड़ी वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे दौड़ते नजर आए, ताकि उनका सामान जब्त होने से बचाया जा सके। टीम के सड़क पर पहुंचते ही कुछ रेहड़ी वाले गलियों में घुस गए, लेकिन नगर परिषद की टीम वहां भी पहुंच गई और कार्रवाई की।
ऐसे चला अभियान
अभियान की शुरुआत नगर परिषद कार्यालय के सामने से की गई और वहां से परशुराम चौक तक पहुंचने के बाद यू-टर्न लेकर फिर कार्यालय तक वापस आए। नगर परिषद की टीम में सचिव गौरव शर्मा के अलावा एमई मनदीप, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश कुमार और अन्य 10 कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने लगभग एक घंटे में 700 मीटर दूरी के दोनों ओर की सड़क को कवर किया।
अतिक्रमण हटते ही चेतावनी जारी
टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार से किसी ने दुकान के बाहर सरकारी सीमा में सामान रखा तो उस पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। जैसे ही अभियान शुरू हुआ, कुछ दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
पॉलीथिन मिलने पर तीन के काटे चालान
कार्रवाई के दौरान दुकानों और रेहड़ियों से एक किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन भी जब्त की गई। इस पर तीन दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों के चालान काटे गए। टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में पॉलीथिन मिलने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम रही नदारद
गौर करने वाली बात यह रही कि इतने बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम के साथ पुलिस बल मौजूद नहीं था। आमतौर पर ऐसे अभियानों में संभावित विरोध और बहसबाजी को देखते हुए पुलिस टीम साथ भेजी जाती है।
उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की जाए। शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। दुकानदारों से अपील है कि अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटा लें, अन्यथा टीम सामान जब्त करेगी। – गौरव शर्मा, सचिव, नगर परिषद
[ad_2]
Charkhi Dadri News: विरोध के बीच अतिक्रमण पर वार…जब्त किया 10 दुकानों और 5 रेहड़ियों से सामान



