Bhiwani News: रक्षाबंधन पर पहले दिन 15,500 बहनों ने किया रोडवेज में मुफ्त लेकिन धक्का-मुक्की भरा सफर Latest Haryana News

[ad_1]

भिवानी। रक्षाबंधन पर हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा के तहत पहले दिन शुक्रवार दोपहर बाद तक जिले भर में करीब 15,500 बहनों ने रोडवेज और निजी बसों में सफर किया। यह सफर मुफ्त तो रहा लेकिन धक्का-मुक्की से भरा रहा। रोडवेज प्रशासन ने बसों के संचालन के लिए व्यवस्था की थी इसके बावजूद बस स्टैंड पर महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी लोकल रूटों पर देखने को मिली जहां महिलाओं को खड़े होकर सफर करना पड़ा जबकि कई विद्यार्थियों को बसों के पायदान पर लटककर सफर करना पड़ा।

सरकार के निर्देश पर शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद महिलाओं और बच्चों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा शुरू हुई जो शनिवार पूरे दिन और रविवार दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगी। भिवानी बस स्टैंड पर शाम होते-होते महिलाओं की भीड़ इतनी बढ़ गई कि परिसर में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे ही नजर आ रहे थे। जिन रूटों पर ज्यादा मांग थी वहां प्राथमिकता से बसें चलाई गईं लेकिन लंबी दूरी की बसें सुबह ही रवाना हो चुकी थीं जिनमें नियमित यात्री ही सफर कर रहे थे। शाम को अचानक बढ़ी महिलाओं की तादाद के चलते लोकल रूटों पर हालात बिगड़ गए और भीड़ का दबाव संभालना मुश्किल हो गया।

पूछताछ काउंटर पर दिनभर जुटी रहीं बहनें

पूरे दिन बस स्टैंड के पूछताछ केंद्र पर महिलाएं लोकल और लंबी दूरी के रूटों की समय-सारिणी पूछती रहीं। कर्मचारी उन्हें संबंधित बूथ नंबर बताते रहे। कई महिलाएं सामान और बच्चों के साथ सफर के लिए पहुंचीं लेकिन बस के बूथ पर लाइन लगाने से पहले ही अन्य यात्री दौड़कर बस में चढ़ने की कोशिश करते जिससे महिलाओं को चढ़ने में दिक्कत हुई।

निजी बसों ने लगाए कम चक्कर

भिवानी डिपो में 112 रोडवेज बसों के अलावा 70 निजी बसों को भी महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए लगाया गया लेकिन निजी बसों ने सरकारी बसों की तुलना में कम फेरे लगाए। किराया भले न वसूला गया हो पर रूट पर इन बसों की आवाजाही सामान्य दिनों से काफी कम रही।

रविवार को भी दिनभर ऑन रूट रहेंगी बसें

रविवार को सुबह साढ़े चार बजे से लेकर देर शाम तक रोडवेज की सभी बसें रूट पर चलेंगी। दिनभर महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा रहेगी। बस स्टैंड पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और पूछताछ केंद्र पर भी कर्मचारी तैनात रहेंगे ताकि महिलाओं को समय पर बसों की जानकारी मिल सके।

हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर बहनों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की सभी बसों का संचालन किया गया है। निर्धारित समय तक महिलाओं को रोडवेज और सोसायटी की बसों में मुफ्त सफर की सुविधा रहेगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन की तरफ से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद से ही महिलाओं ने रोडवेज बसों में मुफ्त सफर किया है। – दीपक कुंडू, महाप्रबंधक भिवानी डिपो, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग

[ad_2]
Bhiwani News: रक्षाबंधन पर पहले दिन 15,500 बहनों ने किया रोडवेज में मुफ्त लेकिन धक्का-मुक्की भरा सफर