[ad_1]
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गए नए सदस्यों के बाद अब कार्यकारिणी गठित किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी सप्ताह अगले दो से तीन दिन तक के अंदर ही यह घोषणा कर दी जाएगी तो वहीं शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। सूत्रों की माने तो कार्यकारिणी पिछले स्वरूप में ही दिखाई देगी और अधिकतर चेहरे वही रहेंगे जबकि तीन नए नामित सदस्य भी शामिल किए जाएंगे। ये तीनों बलदेव सिंह, सुदर्शन सिंह व तजिंद्र पाल सिंह की जगह लेंगे। हाल ही में नामित किए गए नए सदस्यों में ये तीनों ही शामिल नहीं किए गए हैं।
प्रदेश सरकार ने गत 14 अगस्त को ही 41 नए सदस्यों को नामित करते हुए सूचना भी जारी कर दी थी। इसके साथ ही 17 अगस्त को नए सदस्यों की बैठक मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ होनी तय हो गई थी, लेकिन विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आचार संहिता लागू होने के चलते यह बैठक संभव नहीं हो पाई थी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में नई कार्यकारिणी पर भी मुहर लग सकती थी। बैठक न होने के चलते अब तक नई कार्यकारिणी नहीं बनाई जा सकी, जिसके चलते पूर्व कमेटी में सदस्य रहे एवं वरिष्ठ सिख नेता दीदार सिंह नलवी तथा जगदीश सिंह झींडा भी सवाल उठा चुके हैं।
दीदार सिंह नलवी ने तो स्पष्ट कहा है कि नए सदस्य न शपथ ले पाए और न कार्यकारिणी बन पाई जबकि नामित किए जाने के बाद 15 दिनों के दौरान ये कार्रवाई पूरी की जानी आवश्यक होती है। अब माना जा रहा है कि नई कार्यकारिणी की तैयारी तेज कर दी गई है। यहां तक कि अगले दो से तीन दिन में इसे अमलीजामा पहनाया जा सकता है।
इस संबंध में हालांकि कोई नया सदस्य फिलहाल खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं है लेकिन कई सदस्यों ने संपर्क करने पर बताया कि लगभग सभी तैयारी अंतिम चरण में है। उनका यह भी कहना है कि कार्यकारिणी न होने से सिख संस्थानों के विकास व अन्य कार्यों पर विपरीत असर पड़ रहा है। कार्यकारिणी बनने पर ये सभी कार्य संचालित होने लगेंगे तो नए कार्य भी सिरे चढ़ पाएंगे। उनका यह भी कहना है कि नई कार्यकारिणी बनने व शपथ लिए जाने पर आचार संहिता का कोई असर नही पड़ेगा। नए सदस्यों में शामिल एवं पिछली कमेटी के प्रधान रहे भूपिंद्र सिंह असंध भी संकेत दे चुके हैं जल्द ही कोई फैसला लिया जा सकता है।
[ad_2]
Kurukshetra News: इसी सप्ताह बन सकती है हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की नई कार्यकारिणी



