मुंबई12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, भारत का एक प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है, जिसकी स्थापना 1911 में हुई थी। इसका मुख्यालय मुंबई में है और ये देश के सबसे पुराने और बड़े बैंकों में से एक है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने फ्यूचर जनराली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (FGIICL) में 24.91% हिस्सेदारी खरीद ली है। बैंक ने फ्यूचर जनराली इंडिया लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (FGILICL) में भी 25.18% हिस्सेदारी हासिल की है। ये डील 4 जून को पूरी हुई है।
सेंट्रल बैंक ने ये हिस्सेदारी फ्यूचर एंटरप्राइजेज लिमिटेड (FEL) से खरीदी, जो कर्ज के बोझ तले दबी है और दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही है। ये डील कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स (CoC) द्वारा स्वीकृत रिजॉल्यूशन प्लान का हिस्सा है, जिसमें FEL की बीमा कंपनियों में हिस्सेदारी बेची गई है।
ग्रुप की वित्तीय मुश्किलों ने FEL को दिवालिया प्रक्रिया में धकेल दिया था। 2022 में शुरू हुई इस प्रक्रिया में FEL की बीमा हिस्सेदारी बेचने का फैसला हुआ। अगस्त 2024 में सेंट्रल बैंक ने FEL की बीमा कंपनियों में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बोली लगाई और सफल बोलीदाता बना।
BSE को दी गई जानकारी के मुताबिक….
- बैंक ने FGIICL में 35,06,30,136 इक्विटी शेयर 451 करोड़ रुपए में खरीदे हैं।
- वहीं FGILICL में 65,43,80,439 इक्विटी शेयर 57 करोड़ रुपए में खरीदे हैं।

2006 में शुरू हुई थी फ्यूचर ग्रुप की जनरल इंश्योरेंस कंपनी
फ्यूचर जनराली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी यानी, FGIICL 2006 में शुरू हुई थी। इसका हेडक्वार्टर मुंबई में है और ये व्हीकल, होम, हेल्थ जैसे कई तरह के जनरल इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स बेचती है।
- वित्तीय वर्ष 2024 में इसने 4,910.89 करोड़ रुपए का ग्रॉस रिटन प्रीमियम हासिल किया।
- वित्तीय वर्ष 2023 में इसने 4546.23 करोड़ रुपए का ग्रॉस रिटन प्रीमियम हासिल किया।
- वित्तीय वर्ष 2022 में इसने 4210.35 करोड़ रुपए का ग्रॉस रिटन प्रीमियम हासिल किया।
2006 में ही शुरू हुई थी फ्यूचर ग्रुप की लाइफ इंश्योरेंस कंपनी
फ्यूचर जनरल इंडिया लाइफ इंश्योरेंस 2006 में शुरू हुई थी। ये टर्म इंश्योरेंस, यूलिप, रिटायरमेंट प्लान जैसे प्रोडक्ट्स ऑफर करती है।
- वित्तीय वर्ष2024 में इसने 1,810.53 करोड़ रुपए का ग्रॉस रिटन प्रीमियम हासिल किया।
- वित्तीय वर्ष 2023 में इसने 1758.01 करोड़ रुपए का ग्रॉस रिटन प्रीमियम हासिल किया।
- वित्तीय वर्ष 2022 में इसने 1433.53 करोड़ रुपए का ग्रॉस रिटन प्रीमियम हासिल किया।
इटली की जनराली ग्रुप की साझेदारी से चलती हैं कंपनी
दोनों कंपनियां फ्यूचर ग्रुप और इटली की जनराली ग्रुप की साझेदारी से चलती हैं। जनराली अभी भी FGIICL में 74% और FGILICL में 73.99% हिस्से के साथ सबसे बड़ा शेयरधारक है। सेंट्रल बैंक की ये खरीदारी उसे बीमा बिजनेस में मौका देगी।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को पहले ही भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI), भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) से अप्रूवल मिल चुका है।
Source: https://www.bhaskar.com/business/news/central-bank-of-india-enters-insurance-business-135172859.html
