Rewari News: मंत्री ने तहसीलदार को किया चार्जशीट, डीएमसी की कार्यशैली को लेकर जांच के आदेश Latest Haryana News

[ad_1]

रेवाड़ी। बाल भवन के ऑडिटोरियम में राजस्व एवं शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने परिवेदना समिति की बैठक ली। सुनवाई के दौरान जोहड़ की पैमाइश से जुड़े एक मामले में तहसीलदार श्रीनिवास को मंत्री विपुल ने नियम 7 के तहत चार्जशीट किया है।

साथ ही नगर पार्षदों के आरोपों पर डीएमसी राहुल मोदी की कार्यशैली के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। पुराने परिवादों के पहले मामले में बबीता, सुमन, मोनिका ने बताया कि कंकरवाली जोहड़ नगर परिषद के अधीन है।

लंबे समय से अतिक्रमण हटाकर चहारदीवारी करने की मांग की जा रही थी। अभी तक अतिक्रमण हटाना शुरू नहीं हो पाया है। जोहड़ की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने नगर परिषद के अधिकारियों से स्थिति रिपोर्ट मांगी।

जमीन की पैमाइश को लेकर तहसीलदार श्रीनिवास मंत्री के समक्ष पेश हुए। तहसीलदार ने बताया कि 24 तारीख को पैमाइश करवा दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस पर मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारी से पूछा कि इतने महीनों बाद ग्रीवेंस मीटिंग क्यों हुई और इसमें देरी क्यों हुई। अधिकारी ने जवाब दिया कि उन्होंने राजस्व विभाग को पैमाइश कराने के लिए चार बार पत्र लिखा था।

मंत्री ने चारों पत्र अपनी टेबल पर मंगवाए और देखने के बाद तहसीलदार को सामने बुलाया। तहसीलदार ने मंत्री को बताया कि उन्होंने जोहड़ के खसरा नंबर से पुराना रिकॉर्ड निकालने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसलिए, उन्होंने दोबारा निशानदेही की।

मंत्री विपुल ने कहा कि चार महीने से कुछ नहीं किया गया, लेकिन जब ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग रखी गई तो रिकॉर्ड भी मिल गया और पैमाइश भी कर दी गई। तहसीलदार ने कहा कि अभी भी पुराना रिकॉर्ड नहीं मिला है और जो रिकॉर्ड उपलब्ध था, उसी पर पैमाइश कर दी गई है।

मंत्री ने तहसीलदार से पूछा कि रिपोर्ट कब तक दे देंगे, जिस पर तहसीलदार ने कहा कि आज ही दे देंगे। मंत्री ने सवाल किया कि पहले क्यों नहीं दी और रिपोर्ट बनाने में कितने घंटे लगते हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि वे कितने दिनों से तहसीलदार हैं, जिस पर तहसीलदार ने दो साल बताया।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यह चार महीने में रिपोर्ट नहीं दे पाए, इसलिए नियम 7 के तहत इन्हें चार्जशीट किया जाए। साथी ही उन्होंने कहा कि सस्पेंड करने में 2 मिनट भी नहीं लगेगा, बड़ी लापरवाही बरती गई है।

मंत्री बोले- डीएमसी ने कितना कार्य तीन माह में किया, रिपोर्ट मुझे भेजो

परिवेदना समिति की मीटिंग के दौरान नगर पार्षद भूपेंद्र सिंह सहित अन्य पार्षदों ने डीएमसी राहुल मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्य न करने के आरोप लगाए हैं। पार्षदों ने बताया कि डीएमसी फाइलों को दबाए बैठे हैं और कोई भी कार्य नहीं करते हैं। जरूरी हस्ताक्षर भी नहीं कर रहे हैं। छोटे-मोटे कार्यों के लिए भी अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस पर डीएमसी ने कहा कि मेरे पास कभी भी भूपेंद्र नहीं आए हैं। मंत्री ने डीएमसी से पूछा कि आपको यहां पर कितना समय हुआ है, डीएमसी ने बताया कि उन्हें 3 महीने हो चुके हैं। मंत्री ने आदेश दिए हैं कि 3 महीने में कितना कुछ काम हुआ है, इसकी जांच की जाए और कितनी फाइल पेंडिंग पड़ी हैं, इसकी रिपोर्ट तैयार करके उन्हें भिजवाई जाए। मंत्री विपुल ने नालों की सफाई को लेकर भी पूछा। इस पर डीएमसी ने कहा कि नाले की सफाई के लिए एक-दो दिन में टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

परिवेदना समिति की बैठक में अपनी बात रखते नगर पार्षद। संवाद

[ad_2]
Rewari News: मंत्री ने तहसीलदार को किया चार्जशीट, डीएमसी की कार्यशैली को लेकर जांच के आदेश