[ad_1]
फतेहाबाद। कक्षा दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में भी दाखिले को लेकर प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
हरियाणा कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे विभिन्न इंजीनियरिंग तथा गैर-इंजीनियरिंग व्यवसायों में सत्र 2025-26 के दाखिले हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
ऑनलाइन आवेदन विभागीय वेबसाइट https://admissions.itiharyana.gov.in पर 6 से 20 जून तक विद्यार्थी भर सकेंगे। दाखिला संबंधी विस्तृत निर्देशों के बारे में विवरण पत्रिका, संस्थानों की सूची संस्थानवार सीटों के बारे में सूचना उपरोक्त वेबसाइट पर उपलब्ध है। विभिन्न दाखिला चरणों में मेरिट एवं सीट अलॉटमेंट जारी करने के कार्यक्रम बारे सूचना भी दाखिला वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण एवं स्थायी निवासी आदि मूल प्रमाण पत्रों की स्कैन प्रतियां दाखिला फार्म में अपलोड करनी होगी। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों के पास निजी ईमेल आईडी, निजी मोबाइल फोन नंबर, परिवार पहचान पत्र व आधार नंबर होना अनिवार्य है। इनके होने पर ही अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे।
डीसी ने आईटीआई में हेल्प डेस्क बनाने के दिए निर्देश
जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्यों को उपायुक्त मनदीप कौर ने निर्देश दिए है कि वे दाखिले के लिए संबंधित संस्थान में आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करें, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो सके। इन हेल्प डेस्क पर विद्यार्थियों की आवेदन और कोर्स संबंधित जानकारी अच्छे से प्रदान की जाए।
–
ये है आईटीआई में सीटें
आईटीआई व्यवसाय सीटें
राजकीय आईटीआई भोड़िया खेड़ा 18 600
राजकीय आईटीआई भिरड़ाना 10 260
राजकीय आईटीआई (महिला) टोहाना 6 180
राजकीय आईटीआई टोहाना 16 560
राजकीय आईटीआई तलवाड़ा 9 200
–
आईटीआई में आवेदन के लिए 6 जून से प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विद्यार्थी अपने दस्तावेज तैयार कर लें ताकि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
– रमेश कुमार, प्राचार्य, आईटीआई, भोड़िया खेड़ा
[ad_2]


