Sonipat News: निगम करेगा 1200 मीटर क्षतिग्रस्त ककरोई रोड का पुनर्निर्माण Latest Sonipat News

सोनीपत। नगर निगम ने 15 वर्ष से क्षतिग्रस्त ककरोई रोड का पुनर्निर्माण करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को सहमति प्रदान कर दी है। जल्द लगभग 1200 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क लोक निर्माण विभाग की ओर से नगर निगम को हस्तांतरित कर दी जाएगी।

Trending Videos

सड़क निर्माण का निर्णय नगर निगम कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया। इसमें मेयर राजीव जैन, आयुक्त हर्षित कुमार, कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज भोला, कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक उपस्थित रहे।

सड़क निर्माण का मुद्दा जिला कष्ट एवं शिकायत निवारण कमेटी की बैठक में लगातार उठता रहा है। सड़क निर्माण न होने से 20 से ज्यादा गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र वाली सड़क पर 2013 में जनस्वास्थ्य विभाग ने 30 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया था। सीवर लाइन सही ढंग से नहीं डालने के कारण लाइन ठीक करने के चक्कर में कई बार उखाड़ी जाती रही। लोक निर्माण विभाग को नगर निगम ने सड़क की मरम्मत के लिए 40 लाख रुपये जमा करवाए, लेकिन विभाग की ओर से बार-बार टेंडर लगाए जाने के बावजूद कोई ठेकेदार काम करने के लिए आगे नहीं आया।

नगर निगम की सहमति के बाद केस लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर जारी कर दिया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों ने सड़क निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में नीचे रोड़ी बिछाकर सीमेंट के मजबूत ब्लॉक लगाए जाएंगे।

सड़क का निर्माण होने से ककरोई, भदाना, खेड़ी दहिया, सेहरी आदि अनेक गांवों के नागरिकों के आवागमन की समस्या का हल हो जाएगा। सड़क बार-बार उखड़ने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी थी। -राजीव जैन, मेयर, नगर निगम।

Sonipat News: निगम करेगा 1200 मीटर क्षतिग्रस्त ककरोई रोड का पुनर्निर्माण