[ad_1]
अंबाला। आचार संहिता के कारण ट्विनसिटी में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं पर विराम लग गया है। लगभग 200 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं ऐसी हैं जो रुक गई हैं।
इन परियोजनाओं से जुड़ी फाइलों को अप्रूव्ल के लिए मुख्यालय भेजा था, लेकिन आचार संहिता लगने से पहले इन फाइलों पर मान्यता की मुहर नहीं लग पाई। इसलिए अब चुनाव होने के बाद ही इन परियोजनाओं के शुरु होने की उम्मीद है। अंबाला सिटी में लगभग 143 करोड़ तो अंबाला छावनी में लगभग 80 करोड़ की ऐसी परियोजनाएं हैं, जिन पर अब आचार संहिता हटने के बाद भी काम शुरू हो पाएगा।
इन परियोजनाओं में गली-मोहल्ले की सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट्स, नाले व नालियों का निर्माण, डिवाइडरों का निर्माण, सामुदायिक केंद्रों व धर्मशालाओं का निर्माण, स्वागत गेट, सुभाष पार्क सहित अन्य पार्काें के रख-रखाव का कार्य, ओपन जिम स्थापित करने सहित अन्य कई ऐसे कार्य हैं, जिनकी स्थानीय निवासियों को काफी दिनों से इंतजार था।
एयरपोर्ट का उद्घाटन भी रुका
अंबाला छावनी में लगभग 16.50 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे डोमेस्टिक एयरपोर्ट से पहली उड़ान का उद्घाटन भी अब अटक गया है जबकि इसके निर्माण का कार्य अंतिम चरण में था और आचार संहिता से पहले अगस्त माह के अंत तक यहां से उड़ान शुरू करने की योजना को तैयार किया था लेकिन अब यह कार्य भी लगभग दो माह के लिए लंबित हो गया है।
अंबाला छावनी के काम
अंबाला छावनी विधानसभा में 65 करोड़ की लागत से अंबाला छावनी के करधान में बनने वाले डेयरी फार्म का निर्माण अटक गया है, क्योंकि मुख्यालय में अप्रूवल के लिए भेजी फाइल पर अनुमति लंबित है। इसी प्रकार डेढ़ करोड़ की लागत से अंबाला छावनी के बाजारों में लगने वाली फैंसी लाइट्स, चार करोड़ की लागत से नाइट फूड स्ट्रीट में होने वाले कार्य, पीडब्ल्यूडी के अधीन 10 सड़कों का 5 करोड़ की लागत से निर्माण रुक गया है
अंबाला शहर के काम
अंबाला सिटी विधानसभा में 143 करोड़ की परियोजनाओं पर भी विराम लग गया है। इसमें 13 करोड़ की लागत से सिटी क्षेत्र में लगने वाली 27 हजार लाइटों की निविदा अटक गई है। इसी प्रकार 26 सड़कों का निर्माण, डेरा गांव में 33 केवी सब स्टेशन, अंबाला रोडवेज की वर्कशॉप सहित अन्य परियोजनाओं पर विराम लग गया है।
[ad_2]
Source link



