[ad_1]
– आज दोपहर 12 बजे से महिलाओं को प्रदेश के हर रूट पर मिलेगी 36 घंटे के लिए मुफ्त बस सेवा
– कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर रोडवेज ने लगाई विशेष ड्यूटी, खराब बसों को भी किया दुरुस्त
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रक्षाबंधन पर्व के लिए रोडवेज ने तैयारी पूरी कर ली है। रविवार दोपहर 12 बजे से महिलाएं रोडवेज की बसों में 36 घंटे मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। इसके लिए करनाल डिपो ने 168 बसों को जिले के विभिन्न रूटों पर लगाया है।
मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, बहनों को बिना किसी दिक्कत के निशुल्क बसों में सफर कराने के लिए सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर उनकी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही रोडवेज की वर्कशॉप में काफी दिनों से खराब खड़ी बसों को भी इस विशेष पर्व के लिए दुरुस्त कर रूट पर लाया गया है। बहनों को कोई परेशानी न हो इसके लिए करनाल डिपो के जीएम और टीएम विशेष रूप से निगरानी रखेंगे। इस त्योहार पर कोई भी बहन अपने भाई को राखी बांधने के लिए रोडवेज की बसों में प्रदेश के किसी भी जिले में अपने साथ 15 साल तक के बच्चे के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
शनिवार से ही बढ़ी रूट सर्विस
रोडवेज ने बहनों की सुविधा के लिए शनिवार से ही अपनी बस सर्विस बढ़ा दी। जिस भी रूट की सवारियां अधिक रहीं, उस रूट पर खराब बसों में से ठीक हुई बसों को चलाया गया। वहीं रविवार को भी इसी तरह से अलग-अलग रूटों पर इन ठीक हुई बसों को चलाया जाएगा। रोडवेज की सभी बसों में महिलाएं रविवार दोपहर 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
एसी एवं वोल्वो में नहीं मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा
प्रदेश सरकार की ओर से रक्षा बंधन पर रोडवेज की सभी बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा का लाभ एसी और वोल्वो बसों में लागू नहीं होगा। जो महिला या अन्य कोई भी यात्री वोल्वो बस में यात्रा करेगा। उससे रूटीन की तरह किराया वसूल किया जाएगा।
रक्षा बंधन के लिए हमने तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार से विभिन्न रूटों पर बस सर्विस बढ़ा दी गई। जिस भी रूट पर ज्यादा सवारी दिखेंगी। उस रूट पर बस भेज दी जाएगी। इसके लिए खराब बसों को भी ठीक कराया गया है और कर्मचारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई है।
– कुलदीप सिंह, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो करनाल
[ad_2]
Karnal News: बहनों को भाइयों के पास पहुंचाएगी 168 बसें



