[ad_1]
भिवानी। एक साल के बाद बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में बजट के साथ-साथ हाउस की साधारण बैठक हुई। डेढ़ घंटे चली बजट बैठक में 119.35 करोड़ रुपये के विकास कार्याें का बजट पारित हुआ। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था से लेकर स्ट्रीट लाइट, लावारिस पशुओं, कालोनी अधिकृत करने का मामला, पार्कों सहित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई। जिस पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने सभी के जवाब दिए।
नगर परिषद कार्यालय में दोपहर 12 बजे बजट बैठक शुरू हुई। बैठक शुरू होने के दस मिनट बाद विधायक घनश्याम सर्राफ किसी कार्य के चलते वहां से चले गए। बैठक में चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने 119 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। जिस पर सभी पार्षदों ने मेज थपथपाकर सहमति जताई। बैठक में पार्षद सूर्या तंवर ने नप अधिकारी पर मुख्यालय की तरफ से 26 काॅलोनियों पर लगाई गई आपत्ति पर फाइलें ढंग से तैयार न करने व फाइलों को रोकने का आरोप लगाया।
इस पर अधिकारी पार्षद को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। वहीं शहर में तीन दिन से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों व पार्कों के कार्य को लेकर भी अन्य पार्षदों ने अधिकारियों पर ढंग से कार्य न करने के आरोप लगाए। बार-बार अधिकारियों पर लगते आरोपों व संतोषजनक जवाब न देने पाने पर नगर परिषद ईओ राजाराम ने मोर्चा संभाला। पूरी बैठक के दौरान नप ईओ अधिकारियों का बचाव करते नजर आए।
शहर की सड़कों के किनारे नहीं मिलेगा घरों का मलबा
बैठक में पार्षद सतेंद्र मोर ने शहरवासियों के घरों को तोड़कर निकलने वाले मलबे पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों की ओर से अपने मकानों के निर्माण कार्य के चलते निकलने वाले मलबे को शहर की सड़कों के किनारे पर डाल दिया जाता है। इससे शहर की स्वच्छता को ग्रहण लगता है, वहीं लोगों को आने जाने में भी परेशानी होती है। इस पर नप जेई ने कहा कि दादरी रोड पर स्थित डंपिंग यार्ड के पास मकानों को तोड़कर निकाले जाने वाले मलबे का पुनर्चक्रण किया जाएगा। आगे से शहर की सड़कों के किनारे मकानों का मलबा नहीं मिलेगा।
वार्ड वार लगाई जाएगी सफाई की निविदा
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था पर जमकर बहसबाजी हुई। जिस पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने कहा कि नप द्वारा लगभग 32 करोड़ का एस्टीमेट तैयार कर टेंडर लगाने के लिए मुख्यालय को भेजा गया था। नगर परिषद की सफाई टेंडर की पावर सिर्फ ढाई करोड़ की होती है। इस कारण टेंडर विभाग ने कैंसिल कर दिया था। ऐसे में इसका समाधान निकालते हुए अब नगर परिषद प्रत्येक वार्ड के हिसाब से लगभग दो-दो करोड़ के आसपास की एस्टीमेट तैयार करेगी।
लाइटों के टेंडर खत्म, तीन दिन से अंधेरे में शहर
बैठक में पार्षदों ने आरोप लगाया कि पूरे शहर में तीन दिन से स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही है। अंधेरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर नप जेई ने कहा कि स्ट्रीट लाइटों के पुराने ठेकेदार का टेंडर खत्म हो गया है। अब लाइटों के लिए नया टेंडर लगाया जाएगा। नया टेंडर लगने तक पुराना ठेकेदार ही लाइटों के कार्य को देखेगा।
शहर के तीन नंबर पार्क का निर्माण करने वाले ठेकेदार पर लगेगा जुर्माना
पार्क नंबर तीन में चल रहे निर्माण कार्य को समय पर न कर पाने के कारण पार्षद ने ठेकेदार पर अनियमितता का आरोप लगाया। पार्षद ने कहा कि ठेकेदार ढंग से कार्य नहीं कर रहा है। पार्क में लगे पुराने गेट को बदलकर उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का गेट लगाया है। इसके कारण ठेकेदार पर जुर्माना लगना चाहिए। इस पर जेई ने कहा कि पार्क का कार्य 15 दिन में पूरा करवा दिया जाएगा।
गीता विहार के नाम से जाना जाएगा तेलीवाड़ा
पार्षद प्रतिनिधि हर्षदीप डुडेजा ने कहा कि तेलीवाड़ा का नाम बदलकर गीता विहार कर दिया जाए। इस पर बैठक में मौजूद सभी पार्षदों ने एकमत से नाम बदलने पर सहमति जताई। चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने पार्षदों की सहमति पर प्रस्ताव पास कर दिया। वहीं पार्षद के सवाल भारत नगर में गायत्री स्कूल के पास खाली पड़ी जमीन पर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इस पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने कहा कि वहां पर चहारदीवारी बन दी जाएगी।
बचे हुए सभी पार्कों का छह माह में होगा काम शुरू
बैठक में चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने कहा कि अगले छह माह में शहर में बचे हुए सभी पार्कों का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। शहर के सौंदर्यकरण का कार्य जारी है। वहीं शहर के एंट्री प्वाइंटों पर सभी फुटपाथों का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई से एनओसी लेने का कार्य चल रहा है। नेहरु पार्क को पूरे प्रदेश में माडल पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसमें सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शहर के तालाबों में फुव्वारे, लाइटों के लिए लगेंगे गाजियाबाद के पोल
बैठक में चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने कहा कि शहर के सभी तालाब को विकसित कर फव्वारे लगाए जाएंगे। उनके साथ तालाबों पर राजस्थान से पत्थर मंगवाकर लगाया जाएगा। इससे उनकी सुंदरता बढ़ेगी। वहीं शहर के स्ट्रीट लाइटों के लिए गाजियाबाद से बेहतरीन ढंग के पोल मंगवाए जाएंगे। इससे शहर की सुंदरता में आठ चांद लगेंगे। वहीं तोरण वाले जोहड़ पर अतिक्रमण के कारण जमा होने वाले बरसाती के कारण चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने शहर के सामाजिक लोगों के सहयोग से समाधान करने का आश्वासन दिया।
शहर में नौ जगहों पर तैयार किए जाएंगे आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय
बैठक में चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने बताया कि शहर में जैन चौकी के पास सहित नौ जगहों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय तैयार किए जाएंगे। इसके कारण बाजारों में जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इन शौचालयों में सफाई से लेकर सभी प्रकार की सुविधा लोगों को मिलेगी। वहीं अधिकारियों के घरों में काम करने वाले लगभग 80 सफाई कर्मचारियों को वहां से हटाया जाएगा। उन सभी कर्मचारियों को वहां से हटाकर शहर की सफाई में लगाया जाएगा।
दक्ष प्रजापति व ज्योतिबा फुले के नाम द्वार बनाने की मांग
बैठक में पार्षद विनोद प्रजापति ने शहर में दक्ष प्रजापति व महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के नाम से शहर में द्वार बनाने की मांग रखी। जिस पर पार्षदों ने एकमत से प्रस्ताव पर सहमति दी।
[ad_2]
Bhiwani News: डेढ़ घंटे चली नगर परिषद भिवानी की बैठक में 119.35 करोड़ रुपये के विकास कार्याें का बजट पारित



